छत्तीसगढ़ के भिलाई में SLRM (सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटर का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें जोन-4 के प्रभारी जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी और उनके विभाग के कुछ कर्मचारी पार्टी करते नजर आ रहे हैं। कथित तौर पर शराब और कुछ आपत्तिजनक गतिविधियां भी दिखाई दे रही हैं। इसके अलावा वे कमर में गमछा बांधकर ‘आई एम अ डिस्को डांसर’ गाने पर डांस करते भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लिया है। निगम आयुक्त सुरूचि सिंह ने स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही तय समय के अंदर जवाब देने के लिए कहा गया है। मामला जोन-4 खुर्सीपार स्थित SLRM सेंटर का है। देखिए पहले ये तस्वीरें… काम के लिए बनाया सेंटर, अंदर पार्टी का वीडियो जानकारी के मुताबिक, सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट सेंटर शहर में निकलने वाले कचरे को अलग करने और उसे आगे भेजने के काम से जुड़े होते हैं। यहां निगम के कर्मचारी और सफाई से जुड़े लोग काम करते हैं। वायरल वीडियो में कर्मचारी-अधिकारी परिसर में बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान पार्टी किए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान शराब पीने का दावा भी किया जा रहा है। वीडियो वायरल हुआ तो हरकत में आया निगम सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैलने के बाद मामला निगम अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है। नोटिस के जरिए पूछा गया है कि सेंटर परिसर में इस तरह की गतिविधियां किसकी अनुमति से हुई और वहां पार्टी करने की जरूरत क्यों पड़ी। मामले में कर्मचारियों के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। आयुक्त सुरूचि सिंह की ओर से जारी नोटिस के बाद अब कर्मचारियों के जवाब पर नजर है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो निगम प्रशासन की ओर से जिम्मेदार कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई भी हो सकती है। ब्लड सैंपल लेते महिला टेक्नीशियनों ने बनाई थी रील बता दें कि दुर्ग-भिलाई में लापरवाही का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ब्लड सैंपल लेकर 3 महिला टेक्नीशियनों ने रील बनाई थी। वीडियो वायरल होने के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला कर्मियों को सेवा से हटा दिया। ………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… ब्लड सैंपल के दौरान रील बनाई, 3 महिला टेक्नीशियन बर्खास्त: दुर्ग जिला अस्पताल की लैब में ड्यूटी के दौरान बनाया था वीडियो, HLL का एक्शन
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ब्लड सैंपल लेकर रील बनाने वाली 3 महिला टेक्नीशियन को बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज की ओर से नोटिस जारी कर जवाब मांगने के बाद की गई है। पढ़ें पूरी खबर…
