नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी पुलिस ने बोहरा कॉलोनी के एक सूने घर से 10 लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी के मामले का एसडीओपी मोहित यादव ने शनिवार शाम खुलासा किया है। इस मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें से एक पीड़ित परिवार का रिश्तेदार भी है। फरियादी विजय कुमार सोनी, निवासी बोहरा कॉलोनी बनखेड़ी, ने पुलिस को बताया था कि उनकी माताजी के निधन के कारण वे 21 अगस्त को परिवार सहित गाड़रवाड़ा गए थे। 24 अगस्त को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि उनके घर की पहली मंजिल के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखी अलमारी से लाखों रुपए के सोने के जेवर चोरी हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज खंगाले नर्मदापुरम एसपी साईं कृष्णा एस के निर्देश पर थाना प्रभारी विजय सनस के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं। साइबर सेल को सक्रिय किया गया और लगभग 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। टीम ने घटनास्थल को सील कर फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को भी बुलाया, जिन्होंने संदिग्धों के फिंगरप्रिंट जुटाए। इनको किया गिरफ्तार तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर, पुलिस ने 28 अगस्त को आरोपी अमित पिता ओमकार ताम्रकार (33) और दीपक पिता स्वर्गीय खेमचंद्र सोनी, दोनों निवासी ग्राम चीचली, जिला नरसिंहपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लगभग 10 लाख रुपए मूल्य के सोने के जेवरात जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड है। दोनों पर चोरी और आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न थानों में पांच-पांच अपराध दर्ज हैं। मामा का लड़का था चोरी में शामिल थाना प्रभारी विजय सनस ने बताया गिरफ्तार आरोपी दीपक पिता खेमचंद सोनी फरियादी के मामा का लड़का है। यह चीचली का रहने वाला है। इसे फरियादी के घर के बारे में पूरी जानकारी थी। फरियादी मां के निधन पर गाडरवारा गया इधर दोनों चोरों ने मिलकर सूने घर का ताला तोड़ा और फिर गोदरेज लाॅक तोड़कर सोने के गहने चोरी कर फरार हो गए। चोरी का खुलासा करने वाली टीम में एसआई मनमोद सिंह, सउनि सीताराम अहिरवार, प्र.आर. बद्रीप्रसाद करोचे, आरक्षक अशोक मांझी, नीलेश कौरव, अभिषेक सोनी, आकाश रघुवंशी, अभिषेक पटेल, लेखराम, राजकुमार, अर्जुन कीरत रघुवंशी, विकास मेहरा, सायबर सेल नर्मदापुरम से प्रशांत सिंह राजपूत, दीपेश सोलंकी और नगर रक्षा समिति सदस्य अनिल पटेल शामिल थे।
