मध्यप्रदेश के रतलाम के नामली थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पुलिस ने बिना नंबर की क्रेटा कार से नोटों से भरा बोरा बरामद किया। कार में अकेले मौजूद युवक को कार और नकदी समेत नामली थाने लाया गया। यहां दो नोट गिनने की मशीनें बुलाकर रकम की गिनती की गई। बोरे में 73 लाख 72 हजार 500 रुपए नकद मिले। कार में जावरा के उमटपालिया निवासी मिजान (23), पिता रईस खान था। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि यह रुपए उसके अपने हैं, जो जमीन बेचने के बाद मिले हैं। वह इन्हें लेकर रतलाम किसी काम से गया था और वापस गांव लौट रहा था। पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि वह रतलाम के एक बड़े ज्वेलर्स से सोना खरीदने के लिए नकदी लेकर आया था। हालांकि सौदा नहीं हो सका, जिसके बाद वह वापस अपने गांव जा रहा था। पुलिस युवक के बयान और नकदी के स्रोत की जांच कर रही है। युवक गांव में एक ढाबे का मालिक है। कार उसके भाई के नाम पर रजिस्टर्ड मिली। सूचना मिली तो पंचेड़ फंटे पर रोकी कार पुलिस को बिना नंबर की क्रेटा कार में बड़ी मात्रा में नकदी होने की सूचना मिली थी। इसके बाद शनिवार शाम पंचेड़ फंटे पर कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में एक बोरा मिला। इसमें 100, 200 और 500 रुपए के नोटों की गड्डियां भरी थीं। पुलिस कार और नकदी को नामली थाने ले आई। रकम की सही जानकारी के लिए सराफा व्यापारियों से दो नोट गिनने की मशीनें मंगाई गईं। एएसपी बोले- जमीन बेचने के बाद मिले रुपए बताए एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि कार चालक ने पूछताछ में कहा है कि वह अपने घर से रतलाम किसी काम के लिए रुपए लेकर गया था। उसने नकदी को जमीन बेचने के बाद मिले अपने रुपए बताया है। युवक से पूछताछ की जा रही है और नकदी से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। नोटों में 500 की 135 गड्डी, 200 की 15 गड्डी, 100 की 25 गड्डी और
500 के 5 नोट अलग से थे। वकील और परिजन भी पहुंचे थाने मामले की सूचना मिलने के बाद युवक के वकील और अन्य परिजन भी नामली थाने पहुंच गए हैं। पुलिस नकदी के स्रोत और युवक के दावों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस ने आयकर विभाग को भी इसकी सूचना दी है।
—————— यह खबर भी पढ़ें निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत याचिका खारिज जमीन सौदेबाजी और पद के दुरुपयोग के बहुचर्चित मामले में निलंबित नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया को जिला अदालत से बड़ा झटका लगा है। जिला एवं सत्र न्यायालय कटनी के प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट नं. 17 ने शनिवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका (BA/821/2026) खारिज कर दी। पढ़ें पूरी खबर
