Homeमध्यप्रदेशभेड़ चराने के विवाद में 24 भेड़ों की मौत:खंडवा में दो पक्षों...

भेड़ चराने के विवाद में 24 भेड़ों की मौत:खंडवा में दो पक्षों में मारपीट, 3 घायल; धारदार हथियारों से हमला करने का लगाया आरोप

खंडवा के हरसूद थाना क्षेत्र के धारूखेड़ी गांव के पास बुधवार देर रात भेड़ चराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। भेड़ चरवाहों ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान पारदी समाज के कुछ लोगों ने धारदार हथियारों और लाठियों से भेड़ों पर हमला कर दिया, जिससे करीब 24 भेड़ों की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारदी समाज के कुछ लोग धारूखेड़ी गांव के पास डेरा बनाकर रह रहे हैं। इसी दौरान भेड़ चरवाहे अपनी भेड़ों को लेकर वहां पहुंचे थे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। भेड़ चरवाहों का आरोप है कि विवाद के दौरान पारदी समाज के कुछ लोगों ने धारदार हथियार, सब्बल और लाठियों से भेड़ों पर हमला किया। हमले में करीब 24 भेड़ों की मौत होने की बात कही जा रही है। हालांकि, भेड़ों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तव में क्या कारण रहा, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। दोनों पक्षों में मारपीट, तीन घायल
टीआई जगदीश सिंधिया के मुताबिक, भेड़ों की मौत के बाद विवाद और बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी है। इनमें पारदी समाज का एक व्यक्ति और भेड़ चरवाहों की ओर से दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए हरसूद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना के बाद भेड़ चरवाहे आक्रोशित हो गए और हरसूद-भोपाल मार्ग पर पहुंचकर विरोध जताया। चरवाहों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और चक्काजाम करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को संभाला। पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर जाम नहीं लगने दिया गया। मौके पर पहुंचा पुलिस बल
विवाद की सूचना मिलते ही हरसूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर SI चंद्रशेखर कड़े, ASI ज्ञानसिंह गौड़, चिंतामन उइके, हेड कांस्टेबल हरिप्रसाद, कांस्टेबल अनिल मेहरा और 112 के पायलट सतीश सोनी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी ली और मौके की स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। भेड़ों की मौत कैसे हुई, उन पर किस तरह हमला किया गया और विवाद के दौरान कौन-कौन लोग शामिल थे, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here