Homeमध्यप्रदेशरील ने खोली पोल- अचानक हिल गए प्रदेश अध्यक्ष:सिंधिया के 'अपनी तो...

रील ने खोली पोल- अचानक हिल गए प्रदेश अध्यक्ष:सिंधिया के ‘अपनी तो जैसे-तैसे कट जाएगी’ डांस की चर्चा; मंत्री विजयवर्गीय की महाकाल से गुहार

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। ज्योतिरादित्य का डांस, गाने के बोल ने खींचा ध्यान
राजनीति जो कराए, सो कम है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोक नगर में युवाओं से संवाद के एक कार्यक्रम के दौरान डांस करते नजर आए। उन्होंने ‘अपनी तो जैसे-तैसे, कोई ऐसे या वैसे कट जाएगी… आपका क्या होगा जनाब-ए-आली’ गाने पर ऐसी परफॉर्मेंस दी कि लोग कह उठे- ‘महाराज’ नेता ही नहीं, कलाकार भी हैं। लेकिन इस डांस में सिर्फ उनकी अदाएं ही चर्चा में नहीं रहीं, बल्कि गाने के बोल ने भी लोगों का ध्यान खींच लिया। अब लोग इसे लेकर चुटकी ले रहे हैं कि महाराज आखिर किसे और क्या संदेश दे रहे हैं? अपनी तो जैसे-तैसे कट जाएगी, लेकिन जनाब-ए-आली का क्या होगा? कैलाश को अच्छे दिनों की आस, भजन से छिड़ी चर्चा
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का भजन गाना कोई नई बात नहीं है। लेकिन इस बार भजन के बोल ने चर्चा छेड़ दी है। विजयवर्गीय ‘महाकाल, डमरू वाले, तू न संभाले तो हमें कौन संभाले’ गाते नजर आए, तो लोगों ने इसके सियासी मायने निकालने शुरू कर दिए। दरअसल, कैलाश विजयवर्गीय को लेकर चर्चा है कि वे इन दिनों सत्ता और संगठन में कथित उपेक्षा झेल रहे हैं। ऐसे में उनके भजन के बोल पर चुटकी ली जा रही है कि मंत्री जी शायद अपने अच्छे दिनों की कामना कर रहे हैं। कहने वाले यहां तक कह रहे हैं कि अब जब सियासत में सहारा कम नजर आए, तो महाकाल से गुहार लगाने में बुराई ही क्या है! हालांकि, विजयवर्गीय के पुराने दोस्त और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा उन्हें एक अलग ही सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि इंदौर में विजयवर्गीय ने हनुमान जी का जो पितृ पर्वत मंदिर बनवाया है, वहीं बैठ जाएं। दोस्त की मानें तो वहां बैठते ही इंदौर को एक नया महामंडलेश्वर मिल जाएगा। कमल पटेल का डांस, जनता से साथ देने की गुहार?
पूर्व मंत्री कमल पटेल इन दिनों अपने एक डांस को लेकर चर्चा में हैं। हरदा में आयोजित भजन संध्या में जब ‘तुम अगर साथ देने का वादा करो, मैं यूं ही मस्त नगमे लुटाता रहूं’ गाना गूंजा, तो कमल पटेल खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। वैसे, कमल पटेल पूर्व मंत्री हैं और पिछला विधानसभा चुनाव हार गए थे। उनकी अब एक बार फिर विधायक और मंत्री बनने की चाहत है। ऐसे में भजन संध्या में इस गाने पर उनका झूमना लोगों को सियासी संदेश जैसा लग रहा है। मानो पूर्व मंत्री जनता से कह रहे हों- अबकी बार मेरा साथ देना, फिर देखिए नगमे कैसे लुटाता हूं। फिलहाल, पूर्व मंत्री का यह डांस चर्चा में है। गाने के बोल भी ऐसे हैं कि सियासी गलियारों में चुटकी लेने वालों को मौका मिल गया। अब कमल पटेल के इस सुर-ताल को महज मनोरंजन समझें या जनता से साथ निभाने की अपील, यह तो वही जानें। भजन में मगन अध्यक्ष जी, गड्ढे ने बिगाड़ा आनंद
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अपनी कार में बैठकर माता के भजनों का आनंद लेते नजर आए। कार में भजन गूंज रहे थे और अध्यक्ष जी भक्ति में मगन थे। लेकिन तभी सड़क पर आए गड्ढों ने भक्ति के इस माहौल में खलल डाल दिया। गड्ढों से गुजरते ही कार ने ऐसे हिचकोले खाए कि अध्यक्ष जी भी पूरी तरह हिल गए। हालांकि, भजन सुनना जारी रहा, लेकिन सड़क के झटकों ने उनके आनंद में जरूर खलल डाल दिया। अब इस वीडियो पर लोग चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि अध्यक्ष जी तो भजन सुनने में मगन थे, लेकिन उनकी रील ने अनजाने में ही सही, सड़क की बदहाली की पोल खोल दी। भले ही मकसद माता के भजनों का आनंद लेना रहा हो, लेकिन वीडियो में सड़क के गड्ढे भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा गए। और अब अंदर की बात..
उत्साही अफसर को सीनियर की फटकार
एमपी में सरकारी विभागों के बीच इस समय अनुकंपा नियुक्ति के आदेश निकालने की होड़ मची है। इस होड़ में एक विभाग के सचिव स्तर के अफसर ने सरकार को खुश करने के लिए ऐसे लोगों को भी लिस्ट में शामिल कर लिया, जो पहले से ही अनुकंपा पर नौकरी कर रहे हैं। दरअसल, उत्साही अफसर की कोशिश थी कि सरकार के हाथों से अनुकंपा नियुक्ति के पत्र दिलाए जाएं। उन्होंने 25 नियुक्तियों की एक लिस्ट भी तैयार कर ली थी और इसे अपने सीनियर को भेजा। यहीं गड़बड़ हो गई, क्योंकि लिस्ट देखकर सीनियर ने इस अफसर की बाजीगरी भांप ली। लिस्ट को चेक कराया तो पता चला कि 25 में से 15 लोगों को तो पहले ही अनुकंपा नियुक्ति मिल चुकी है और वे बाकायदा नौकरी कर रहे हैं, यानी ये पूरी तरह से नंबर बढ़ाने की कवायद थी। फिर क्या था, सीनियर ने अफसर को जमकर फटकार लगाई और कहा- इतने उत्साही मत बनो कि सरकार को ही कठघरे में खड़ा कर दो। अब देखना है कि बचे हुए 10 लोगों को सरकार के हाथों नियुक्ति पत्र मिलेंगे या नहीं। इनपुट सहयोग – संजीव यादव (अशोक नगर), संतोष शितोले (इंदौर), अभिलाष मिश्रा (रीवा), संदेश पारे (हरदा) ये भी पढ़ें –
सीएम को आया गुस्सा, माइक-आईडी हटाकर चल दिए: सिंधिया का गला बैठा, फिर भी भाषण दिया इंदौर में सीएम डॉ. मोहन यादव मीडिया से नाराज हो गए। बिना बात किए ही वहां से चले गए। हुआ यूं कि सीएम एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। वे मीडिया से बात करने के लिए रुके थे, लेकिन वहां माइक-आईडी ऊपर-नीचे करने को लेकर ही घमासान छिड़ गया। इसे देखकर सीएम का मूड उखड़ गया। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here