मध्यप्रदेश के खंडवा में राशन दुकान संचालक और भाजपा नेता मनीष परदेशी ने सोमवार को सुसाइड कर लिया। उनका शव लक्कड़ बाजार स्थित घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के समय परिजन शहर से बाहर थे। मनीष का एक दोस्त उनके घर पहुंचा था। दरवाजा अंदर से बंद था और काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दोस्त ने दरवाजा तोड़ा और अंदर गया तो मनीष का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर मोघट रोड पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल भेजा। मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों के बयान लेने के साथ ही मृतक के कमरे की तलाशी लेगी। शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग से जुड़ी परेशानी की आशंका सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और परिजनों के बयान के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। हिंदू संगठन के अध्यक्ष भी रह चुके मनीष भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला मंत्री थे। वे एक हिंदू संगठन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा वे सरकारी राशन दुकान चलाते थे। वे जिलेभर के राशन दुकान संचालकों की यूनियन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। परिजन शहर से बाहर, लौटने के बाद होगा पोस्टमॉर्टम टीआई विकास खिंची ने बताया कि मनीष के परिजन पारिवारिक काम से खंडवा से बाहर हैं। उनके देर रात तक लौटने की जानकारी है। परिजन के आने के बाद पोस्टमॉर्टम और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
