मध्य प्रदेश के शहडोल में पटवारी ने एक युवती से वॉट्सऐप पर अश्लील चैट की है। चैट में पटवारी के कथित तौर पर ‘LOVE YOU, तुम्हारी लिप्स चाहिए’ और ‘होटल में मिलते हैं, तुम अच्छी लगती हो’ जैसे मैसेज हैं। युवती ने पटवारी पर अश्लील बातें करने और परेशान करने का आरोप लगाया है। सोहागपुर तहसील के हल्का नंबर 72 में पदस्थ पटवारी आशीष सोनकर पर युवती ने राजस्व संबंधी काम के बदले 20 हजार रुपए रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि वह 15 हजार रुपए दे चुकी है, जबकि 5 हजार रुपए बाकी हैं। इस संबंध में भी दोनों के बीच चैट में बातचीत होने का दावा किया गया है। युवती सोमवार को चैट के स्क्रीनशॉट और अन्य सबूत लेकर कलेक्टर के पास पहुंची। उसने पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में युवती ने जमीन संबंधी काम और जाति प्रमाण-पत्र के लिए परेशान करने का भी आरोप लगाया है। ‘आपके रूम पर’, फिर होटल में मिलने की बात इसके बाद पटवारी की ओर से होटल में मिलने के उद्देश्य को लेकर भी मैसेज किए गए। ‘20 हजार की डिमांड खुद कर रहे थे’, युवती ने चैट में लिखा पैसों को लेकर बातचीत में युवती ने पटवारी से 20 हजार रुपए की मांग का जिक्र किया। कलेक्टर से शिकायत की बात पर भी हुई बहस 22 मई की चैट में युवती ने पटवारी को शिकायत करने की चेतावनी दी। युवती: जो तुम मुझे परेशान कर रहे हो, अब मत करो। आज जो तुम किए हो, वह हमारे-आपके बीच तक ही सीमित रहे, नहीं तो मैं मंगलवार को सब लेकर कलेक्टर के पास खड़ी हो जाऊंगी।
पटवारी: अंकल ने ट्रैप करने के लिए तुमको आगे किया, बहुत गंदी सोच है।
युवती: आपकी नीयत कितनी अच्छी है, यह बताओ पहले।
पटवारी: यहां मत बोलो कि कलेक्टर के पास।
युवती: गलत मैसेज मैं नहीं करती थी, गलत मैसेज आप करते थे।
पटवारी: इसका क्या मतलब है?
पटवारी: चलो, सब हटाओ।
पटवारी: बंटवारा पत्रक तहसील में जमा हो गया है। युवती का आरोप- दिसंबर से जमीन के काम के लिए परेशान हूं युवती सोहागपुर थाना क्षेत्र की निवासी है। उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। उसने बताया कि ग्राम पंचायत चापा में उसकी पुश्तैनी जमीन है। जमीन संबंधी कार्य और जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए उसने पटवारी आशीष सोनकर से संपर्क किया था। युवती का आरोप है कि पटवारी ने इन कामों के लिए 20 हजार रुपए की मांग की थी। उसका दावा है कि वह 15 हजार रुपए नकद दे चुकी है। चैट में भी वह पटवारी को 5 हजार रुपए बाकी होने की बात लिखती है, जिस पर पटवारी जवाब देता है- ‘मुझे नहीं चाहिए।’ युवती का आरोप है कि जब उसने शिकायत करने की बात कही तो उसके जमीन संबंधी काम रोक दिए गए और जाति प्रमाण-पत्र भी नहीं बनाया गया। उसने पटवारी के सहयोगी रवि पर भी शिकायत न करने के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। 22 अगस्त को भी कलेक्टर से शिकायत युवती के अनुसार, उसने 22 अगस्त को भी कलेक्टर के समक्ष शिकायत और साक्ष्य प्रस्तुत किए थे। सोमवार को उसने दोबारा शिकायत देकर वॉट्सऐप चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में पटवारी आशीष सोनकर से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया। उन्होंने बाद में बात करने की बात कहकर फोन काट दिया।
