इंदौर के राधिका कुंज में खाली प्लॉटों पर अवैध कब्जा कर दुकानें और टीन शेड बनाने, प्लॉट मालिकों से पैसे मांगने और धमकाने के मामले में क्राइम ब्रांच ने लिस्टेड गुंडे मुख्तियार खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अवैध कब्जे, रंगदारी और मारपीट समेत 35 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। मुख्तियार पर साल 2018 में एक नाबालिग को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने और टॉयलेट सीट चटवाने का भी आरोप लगा था। उस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की थी। आरोपी को रविवार को गिफ्तार किया गया है। कब्जा खाली करने के बदले मांगी रकम एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि मुख्तियार खान एलआईजी क्षेत्र का निवासी है। उसने राधिका कुंज कॉलोनी के खाली प्लॉटों पर कथित तौर पर कब्जा कर वहां टीन शेड और दुकानें बना ली थीं। इनका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। प्लॉट मालिकों ने जब अपनी जमीन खाली करने के लिए कहा तो आरोपी ने कथित तौर पर उनसे बड़ी रकम की मांग की। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी मामले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। क्राइम ब्रांच उसकी तलाश कर रही थी। रविवार को टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 2018 में नाबालिग को बनाया था निशाना पुलिस के मुताबिक, साल 2018 में राधिका कुंज की कब्जे वाली जमीन पर मुख्तियार ने कथित तौर पर एक टॉर्चर रूम बना रखा था। यहां उसके बेटे से विवाद के बाद एक नाबालिग को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि नाबालिग को बेल्ट से पीटा गया और उससे टॉयलेट सीट चटवाई गई। घटना का वीडियो भी बनाया गया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तत्कालीन टीआई तहजीब काजी ने मुख्तियार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस ने उसके अवैध कब्जों की जानकारी जुटाई और प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जमीन खाली कराई थी। इस दौरान आरोपी का मकान भी तोड़ा गया था। मामले में मुख्तियार को जेल भेजा गया था। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद मुख्तियार ने विजय नगर और एमआईजी के खुफिया सेल के कुछ जवानों से नजदीकियां बढ़ा ली थीं। अब एलआईजी लिंक रोड पर सोफा की दुकान पुलिस के मुताबिक, जेल से बाहर आने के बाद भी मुख्तियार पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप लगते रहे। वह एमआईजी थाने का लिस्टेड गुंडा है और वर्तमान में एलआईजी लिंक रोड पर सोफा की दुकान चलाता है। क्राइम ब्रांच अब आरोपी से उसके अन्य अवैध कब्जों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों और संपर्क में रहने वाले लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
