Homeमध्यप्रदेशदेशभक्ति के जोश में गलती, विधायक ने कटवाया चालान:अब जेन अल्फा सड़क...

देशभक्ति के जोश में गलती, विधायक ने कटवाया चालान:अब जेन अल्फा सड़क पर, कम कराया बस किराया; ‘लाड़ली बहना’ संग विधायक का कीर्तन

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। भाजपा विधायक ने कटवाया चालान
भाजपा के ढाई सौ किलो के हाथ वाले विधायक प्रीतम लोधी का चालान कट गया। देशभक्ति के जोश में उन्होंने ट्रैफिक नियम तोड़ दिया, लेकिन जैसे ही उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ, खुद ही पुलिस के पास पहुंच गए और अपना चालान कटवा लिया। दरअसल, शिवपुरी के पिछोर से विधायक प्रीतम लोधी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए थे। वे हाथ में तिरंगा थामकर बाइक पर सवार हो गए, लेकिन हेलमेट लगाना भूल गए। पुलिस पर नजर पड़ी तो विधायक जी खुद ही पुलिस के पास पहुंच गए और नियम तोड़ने पर 300 रुपए का चालान कटवा लिया। वैसे तिरंगा यात्रा में सिर्फ विधायक जी ही नहीं, बल्कि कई और लोग भी बिना हेलमेट नजर आए। अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि विधायक ने तो अपना चालान कटवाकर ईमानदारी की सुर्खियां बटोर लीं, लेकिन बाकी लोगों का क्या हुआ? खैर, विधायक जी ने कम से कम गलती मानी और जुर्माना भी भर दिया। अब सवाल यही है कि क्या बाकी लोगों ने भी ट्रैफिक नियमों की अपनी गलती का हिसाब चुकाया? बस किराया बढ़ाया, सड़क पर छात्राएं
जेन जी के बाद अब जेन अल्फा भी एक्टिव हो गई है। विदिशा जिले के सिरोंज में बस किराया बढ़ाने के विरोध में छात्राएं सड़क पर उतर आईं। छात्राओं ने बढ़े हुए किराए को लेकर नारेबाजी की और स्थानीय विधायक के साथ-साथ बस संचालकों से किराया कम करने की मांग की। छात्राओं ने बस के सामने खड़े होकर नारे लगाए- “विधायक जी, हमारा किराया कम करो…”, “बच्चों को लूटना बंद करो… हमारा किराया कम करो…”, “हमारे कदम पीछे नहीं हटेंगे… नहीं हटेंगे… नहीं हटेंगे…” छात्राओं का विरोध रंग भी लाया। बस ऑपरेटर्स ने फिलहाल छात्राओं के किराए में छूट देने का फैसला किया है, यानी बेटियों की जिद के आगे बस संचालकों को कुछ कदम पीछे हटना पड़ा। वैसे बस किराया बढ़ने के बाद कई जगह पर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है, लेकिन सिरोंज की छात्राओं ने जिस अंदाज में अपनी आवाज बुलंद की, उससे साफ है कि नई पीढ़ी अपने मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरने से पीछे नहीं हटने वाली। अब लोग चुटकी ले रहे हैं- सरकार भी समझ ले… जमाना जेन जी और जेन अल्फा का है। आवाज उठेगी तो असर भी दिखेगा। कीर्तन करते नजर आए जयवर्धन सिंह
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने हरियाली अमावस्या का त्योहार कुछ अलग अंदाज में मनाया। राघौगढ़ किले पर वे महिलाओं के बीच बैठकर भजन-कीर्तन करते नजर आए। उन्होंने महिलाओं के साथ सुर से सुर मिलाया और भक्ति के रंग में दिखाई दिए। वैसे मध्य प्रदेश की सियासत में लाड़ली बहना योजना और महिला वोटर्स का खासा महत्व है। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह भी यह बात बखूबी समझते हैं। ऐसे में उनका महिलाओं के बीच बैठकर भजन-कीर्तन करना सियासी नजरिए से भी चर्चा का विषय बन गया। वैसे सियासत में भी एक बात तो साफ है कि जिसे बहनों का साथ मिल गया, उसकी नैया पार समझो। और अब अंदर की बात.. पीसीसी चीफ के बयान ने बढ़ाई बेचैनी
दतिया उपचुनाव में जीत के बाद कांग्रेस का जोश हाई है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी गदगद हैं। अब उन्होंने यह कहकर शासन-प्रशासन की बेचैनी बढ़ा दी है कि वे जल्द ही एक विभाग का घोटाला उजागर करेंगे। सरकार जीतू पटवारी के बयान को कितनी गंभीरता से ले रही है, यह तो सरकार ही जाने, लेकिन अधिकारी जरूर सतर्क हो गए हैं। अंदर की खबर है कि पटवारी के बयान ने अधिकारियों की पेशानी पर बल डाल दिया है। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि आखिर वह विभाग कौन-सा है, जिसमें पटवारी घोटाला उजागर करने का दावा कर रहे हैं। मंत्रालय के गलियारों में बढ़ी इस हलचल के बीच सवाल उठने लगे हैं कि क्या वाकई किसी विभाग में कोई बड़ा घोटाला हुआ है? हालांकि, पटवारी के दावे को कांग्रेस के भीतर ही बहुत ज्यादा तवज्जो मिलती नहीं दिख रही। कुछ कांग्रेस नेता दबी जुबान में इसे महज गीदड़ भभकी बता रहे हैं। अब गेंद पटवारी के पाले में है। वही बताएंगे कि उनके दावे में कितना दम है या फिर उन्होंने ठहरे हुए पानी में महज एक कंकर फेंका है। इनपुट सहयोग – कपिल मिश्रा (शिवपुरी), लक्ष्मण कटियार (सिरोंज), आशीष रघुवंशी (गुना) ये भी पढ़ें –
शिवराज के घर जुटे सांसद, मुलाकातों से गरमाई सियासत: कांग्रेस विधायक बोले- सांसद के ‘बाप’ वाले बयान के लिए जनता जिम्मेदार मध्य प्रदेश भाजपा की सियासत में इन दिनों मेल-मुलाकातों का मौसम चल रहा है। भोपाल से लेकर दिल्ली तक नेताओं की मुलाकातों की तस्वीरें सामने आ रही हैं। अब विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने पीएम मोदी से मुलाकात की। इधर, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर प्रदेश के भाजपा सांसदों का जमावड़ा लगा। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here