डबरा के जंगीपुरा में मंगलवार रात एक युवक पर सरिए से हमला कर दिया गया। इस हमले में युवक का पैर टूट गया, जिसके बाद उसे शुरुआती इलाज के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। यह घटना डबरा सिटी थाना इलाके के जंगीपुरा में स्थित बगिया के पास की है। पीड़ित पवन सोनी ने बताया कि वह मंगलवार रात अपने घर के बाहर बैठा था। उसी समय मोहल्ले के नीरज, बंटी कुशवाह, गोपु, नंदलाल और कृष्णा वहां पहुंचे और बिना वजह गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर सरिए से किया हमला जब पवन ने उन्हें गाली देने से मना किया, तो उन सबने मिलकर सरिए से उस पर हमला बोल दिया। इस मारपीट में पवन बुरी तरह घायल हो गया। आरोपी फरार, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी। सिटी थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सारे आरोपी वहां से भाग निकले थे। पुलिस ने घायल पवन सोनी को तुरंत सिविल अस्पताल पहुँचाया। पैर में आया फ्रैक्चर, ग्वालियर रेफर अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टर ने बताया कि पवन के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, इसलिए उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर भेज दिया गया है। पुलिस ने पवन की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और भाग निकले आरोपियों की तलाश की जा रही है।
