भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र के एक होटल में युवक-युवती के कमरे में कथित तौर पर पुलिसकर्मी बनकर घुसे चार लोगों ने उन्हें केस में फंसाने की धमकी देकर करीब 60 से 70 हजार रुपए वसूल लिए। घटना के बाद शिकायत मिलने पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला हनीट्रैप जैसी साजिश से जुड़ा होने की आशंका भी सामने आ रही है। पिपलानी थाने से एसआई संतोष रघुवंशी के अनुसार घटना 3 अगस्त की शाम करीब 6 बजे की है। बरखेड़ी खुर्द निवासी युवक पिपलानी क्षेत्र स्थित एक होटल में युवती के साथ कमरे में था। इसी दौरान चार लोग कमरे में पहुंचे। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और युवक-युवती से पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें डराया-धमकाया और कार्रवाई करने की बात कही। डराकर वसूले 60-70 हजार रुपए आरोपियों ने युवक को कथित तौर पर केस में फंसाने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति ने खुद को मदद करने वाला बताते हुए मामले से बाहर निकालने की बात कही। पुलिस के मुताबिक इसी दबाव के बीच युवक से करीब 60 से 70 हजार रुपए ले लिए गए। घटना के बाद युवक ने पिपलानी थाने में शिकायत की। पुलिस के अनुसार शिकायत घटना के करीब चार-पांच दिन बाद की गई। तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों अबूजर, रघुवीर और करुणा शाही को गिरफ्तार किया है। चौथा आरोपी यावर फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया था और मंगलवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया जाना है। युवती की भूमिका की भी जांच पुलिस के अनुसार युवक जिस युवती के साथ होटल के कमरे में था, उसकी भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि युवती का आरोपियों से कोई संपर्क था या नहीं और क्या वह पूरे घटनाक्रम की साजिश से जुड़ी थी। फिलहाल उसकी भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है। सामान्य कपड़ों में पहुंचे थे आरोपी पुलिस के मुताबिक होटल के कमरे में पहुंचे आरोपी सामान्य कपड़ों में थे। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताकर युवक-युवती को डराया और कार्रवाई का भय दिखाया। अब पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों, आरोपियों के मोबाइल फोन और उनके आपसी संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना अचानक हुई थी या इसके पीछे पहले से कोई योजना थी। पिपलानी पुलिस के अनुसार, मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। युवती की भूमिका समेत पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
