इंदौर ने एक बार फिर पर्यावरण के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम किया है। रेवती रेंज में 2024 में लगाए गए 12 लाख 41 हजार से अधिक पौधों में से वर्तमान में 13 लाख 10 हजार 12 पेड़ मौजूद होने की घोषणा एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने रविवार को की। एक ही स्थान पर लाखों पौधे लगाकर दो साल तक उनका संरक्षण कर उन्हें पेड़ों में तब्दील करने का यह विश्व रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। इसके साथ ही रविवार को भी 51 हजार पौधे यहां रोपे गए। शहर के कई लोग, स्टूडेंट्स यहां पहुंचे और पौधारोपण में शामिल हुए। एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने 7 अगस्त से रेवती रेंज में पेड़ों की गिनती और सत्यापन का काम शुरू किया था। संस्था के अध्यक्ष अंतिम जैन ने बताया कि रिकॉर्ड के लिए यह जांच की गई कि वर्ष 2024 में लगाए गए पौधों में से कितने पौधे सुरक्षित और जीवित हैं। पौधों के संरक्षण और मृत पौधों की जगह नए पौधे लगाने के लिए रेवती रेंज में नर्सरी भी तैयार की गई थी। बीएल संतोष बोले- इंदौर ने सिविक सेंस की मिसाल कायम की
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ संकल्प को इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सिद्धि तक पहुंचाया है। दो साल पहले यहां केवल रिकॉर्ड बनाने के लिए पौधे नहीं लगाए गए थे, बल्कि उनके पालन-पोषण और संरक्षण का भी काम किया गया। उन्होंने कहा कि कभी पथरीली जमीन के रूप में पहचानी जाने वाली रेवती रेंज आज हरियाली से लहलहा रही है। इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में जिस तरह देश के सामने मिसाल पेश की है, उसी तरह अब उसे ग्रीन सिटी बनाने की दिशा में आगे बढ़ना है। मुझे महापौर ने बताया कि हम इंदौर को क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी के साथ पॉल्यूशन फ्री सिटी बनाने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। रेवती रेंज पर हरियाली, तालाबों के साथ दूसरी पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं भी रहेगी, जिससे यह क्षेत्र ऑक्सीजन क्लिनिक का काम करेगा। विजवर्गीय बोले- शहर को क्लीन बनाया, अब ग्रीन बनाना है मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आज के दिन 9 अगस्त को भारत छोड़ों आंदोलन का आगाज हुआ था। इसलिए आज हम सभी क्रांतिकारियों को नमन करते हैं। पेड़ साक्षात शिव के समान होते हैं। जहर रूपी कार्बनडाईऑक्साईड को ग्रहण करते हैं और ऑक्सीजन रूपी अमृत को देते हैं। इसलिए आप जब एक पेड़ लगाते हैं तो एक शिव मंदिर का निर्माण करते हैं। इसलिए आप लोगों ने यहां 12 लाख 41 हजार शिवालय का निर्माण किया है। एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के 100 लोग 7 अगस्त से रेवती रेंज पर पेड़ों की गिनती कर रहे थे। हम सभी ने मिलकर इंदौर को क्लीन बनाया है अब हमें ग्रीन बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक पेड़ मां के नाम का संकल्प लिया और हम इंदौर के लोगों ने उनके संकल्प को सिद्धी तक पहुंचाने का दृढ़ निश्चय किया। इस साल हमने 21 लाख का संकल्प लिया है और वृक्षारोपण का यह अभियान प्रत्येक रविवार को चलेगा। उन्होंने जनता से कहा कि अपने जन्मदिन पर एक पौधा रोपे। यहां रेवती रेंज पर आपको पौधा भी मिलेगा और गड्ढा भी खुदा हुआ रहेगा। क्रांतिकारियों ने क्रांति का झंडा थामकर देश को आजाद करवाया था, आज हम भी संकल्प ले की समाज के दुश्मन प्रदूषण को खत्म करने लिए वृक्ष लगाकर इंदौर में एक क्रांति पैदा करेंगे और देशभर में हरित क्राति का संदेश देंगे। शहर को ग्रीन सिटी बनाने का संकल्प
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि यह इंदौर का सौभाग्य है कि देश में क्लीन सिटी के नाम से जाना जाने वाला शहर को ग्रीन सिटी बनाने का संकल्प हमने किया और इसके लिए हमने शहर के ग्रीन एरिया को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने का संकल्प लिया तो पहले साल हमने 1 लाख, दूसरे साल 5 लाख, तीसरे साल 51 लाख, चौथे साल 13 लाख और पांचवे साल 21 लाख वृक्षारोपण के संकल्प के साथ हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आने वाले 10 साल में निगम की कमाई भी
जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौड़ ने बताया कि रेवती रेंज में इस साल एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। रविवार को अभियान के तहत 51 हजार पौधारोपण किया गया। इसके लिए 400 मजदूरों की मदद से 51 हजार गड्ढे तैयार किए गए। काम में 6 ट्रैक्टर, 2 पोकलेन और 4 जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि बीएसएफ की खाली जमीन पर भी पौधारोपण किया जाएगा। प्रधानमंत्री के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रेवती रेंज में पौधों की मदद से नरेंद्र मोदी की तस्वीर तैयार की जा रही है, जिसे ड्रोन और हेलिकॉप्टर से देखा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि रेवती रेंज के फल उद्यान से आने वाले 10 साल में नगर निगम की कमाई शुरू हो जाएगी। 12 हजार से ज्यादा लोग अभियान में शामिल
इस मौके पर जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौड़ का वृक्षारोपण में अहम योगदान देने पर बी.एल.संतोष के द्वारा सम्मान किया गया। सेना के लिए जवानों को ट्रेंड करने के लिए जीतेंद्र फौजी को एक लाख का चेक दिया गया और वृक्षारोपण के लिए काम करने वाले इंनफ्लूएंसर आदेश सोनी का सम्मान किया गया। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, भाजपा नेता संजय शुक्ला, अक्षय कांति बम, विशाल पटेल इंदौर प्रभारी रविंद्र रावत, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और स्कूल, कॉलेजों के 12 हजार से ज्यादा लोगो ने इस वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया। 2024 में लगाए पौधों की री-काउंटिंग अब 2024 में लगाए गए पौधों की री-काउंटिंग कराई जा रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि इनमें से कितने पौधे सुरक्षित और जीवित हैं। यदि बड़ी संख्या में पौधे जीवित पाए जाते हैं तो इसे एक और विश्व रिकॉर्ड की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा सकता है। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे रेवती रेंज पहुंचकर 2024 में लगाए गए पौधों की री-काउंटिंग के साक्षी बनें और एक पौधा लगाकर हरित अभियान से जुड़ें। शनिवार को भी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रेवती रेंज में पौधारोपण किया।
