राजगढ़ जिले के ब्यावरा में भोपाल हाईवे पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने बाइक के पास खड़ी महिला को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार महिला को करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में महिला के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए। सिर फट गया, खून बहने लगा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका गोकुल बाई दांगी (43) नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव की रहने वाली थीं। वह अपने पति हेमराज दांगी (45) के साथ बाइक से अपनी बहन के गांव खुरी जा रही थीं। हादसे के बाद कार का ड्राइवर फरार हो गया। पति गोद में पत्नी का शव लेकर बैठा रहा। पति बाथरूम करने गया, पीछे से कार ने मारी टक्कर
हेमराज और गोकुल बाई गुरुवार को खुरी जा रहे थे। सोनकच्छ ढाबा और मोतीपुरा चौकी के बीच हनुमान मंदिर के पास उन्होंने बाइक रोकी थी। हेमराज बाथरूम करने के लिए सड़क किनारे कुछ कदम दूर चले गए। गोकुल बाई बाइक के पास खड़ी थीं। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक 30 फीट दूर गिरी, महिला के सिर में गंभीर चोट
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक करीब 30 फीट दूर जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार गोकुल बाई को करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई। उनके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सिर में गंभीर चोट लगी। डायल-112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। महिला को तत्काल ब्यावरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टोल से पहले कार मोड़ी, CCTV से बचने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, महिला को टक्कर मारने के बाद कार चालक तेज रफ्तार से ब्यावरा की ओर भागा। रास्ते में कचनारिया टोल प्लाजा पहुंचने से पहले ही उसने वाहन वापस मोड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, चालक ने टोल प्लाजा के CCTV कैमरों में कार रिकॉर्ड होने से बचने के लिए ऐसा किया हो सकता है। पुलिस हाईवे और आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। बड़ी बेटी डेढ़ साल से नौसेना में, पोस्टिंग विशाखापत्तनम गोकुल बाई के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। उनकी बड़ी बेटी अश्विन्ता दांगी (22) पिछले डेढ़ साल से भारतीय नौसेना में कार्यरत हैं। उनकी पोस्टिंग विशाखापत्तनम में है। मां की मौत की खबर मिलते ही अश्विन्ता ब्यावरा के लिए रवाना हो गईं। दूसरी बेटी सुनीता दांगी (20) इंदौर में पढ़ाई कर रही है। शव क्षत-विक्षत होने के कारण परिजनों और ग्रामीणों ने महिला का अंतिम संस्कार गांव खेड़ी में ही कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज से ड्राइवर की तलाश
देहात थाने के एएसआई गुलाब सिंह धाकड़ ने बताया कि घटनास्थल नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में होने के कारण मर्ग कायम कर प्रकरण नरसिंहगढ़ थाने भेज दिया गया है। पुलिस फरार कार और उसके चालक की तलाश में जुटी है। हाईवे और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
