असम के नागांव जिले के कटिमारी स्थित 34वीं बटालियन सीआरपीएफ कैंप में मंगलवार को गोलीबारी हुई। जिसमें जवान शहीद हो गए। गोलीबारी की घटना में बालाघाट के हेड कांस्टेबल विष्णु प्रसाद बघेल शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर आज गुरुवार को गृहग्राम पहुंचेगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना 4 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे की है। सीआरपीएफ के अनुसार, आंध्र प्रदेश निवासी एएसआई बल्लानी प्रेमाबरम ने गार्ड रूम से इंसास राइफल लेकर बैरक और क्वार्टर गार्ड की ओर फायरिंग कर दी। घटना में एसआई रामनवाल सिंह यादव और हेड कांस्टेबल विष्णु प्रसाद बघेल की मौत हो गई। फायरिंग के बाद आरोपी एएसआई ने खुद को भी गोली मार ली। घटना में एएसआई माने गोबिंद घायल हुए हैं। शहीद विष्णु बघेल के पेट में गोली लगी थी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पदोन्नति के बाद उनका हाल ही में भोपाल की 107वीं बटालियन से असम की 34वीं बटालियन में तबादला हुआ था। इकलौते बेटे की शहादत से परिवार सदमे में शहीद विष्णु बघेल अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता पैरालिसिस से पीड़ित हैं, जबकि मां कैंसर का इलाज करा रही हैं। परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद गांव और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। आज गुरुवार को उनके पैतृक गांव भीकेवाड़ा (शेरपार) में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
