Homeमध्यप्रदेशदतिया जीत के बाद कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन:जीतू पटवारी बोले- जनता की...

दतिया जीत के बाद कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन:जीतू पटवारी बोले- जनता की जिम्मेदारी निभाएंगे; सिंघार बोले- बीना में भी चुनाव के लिए कांग्रेस तैयार

दतिया उपचुनाव में जीत के बाद कांग्रेस ने बुधवार को विजय जुलूस निकाला। आभार सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह जीत जिम्मेदारी निभाने का संदेश है। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीना उपचुनाव को लेकर भाजपा को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार है। जुलूस किला चौक से शुरू हुआ। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। रास्ते में कई जगह उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। देखें तस्वीरें… इन जगह से गुजरा जुलूस विजय जुलूस किला चौक से तिगेलिया, भैरव मंदिर और पीतांबरा चौराहे तक पहुंचा। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी जुलूस में शामिल हुए। इसके बाद जुलूस गंज, राजगढ़ मार्ग और टाउन हॉल होते हुए फिर किला चौक पहुंचा। यहां आभार सभा का आयोजन किया गया। उमंग सिंघार बोले- बीना में चुनाव के लिए कांग्रेस तैयार
आभार सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दतिया उपचुनाव में मिली जीत पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी का अगला लक्ष्य बीना उपचुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पिछले दो वर्षों से बीना का चुनाव कोर्ट के माध्यम से टाल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही भरोसा दिलाया कि पार्टी दतिया के विधायक के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। कुंवर घनश्याम सिंह बोले- दतिया की जनता की जीत
विधायक कुंवर घनश्याम सिंह ने कहा कि यह जीत उनकी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि इंडिया गठबंधन, कांग्रेस संगठन और दतिया की जनता की जीत है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मंत्रियों, विधायकों, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तथा समाजवादी पार्टी के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की जीत का अंतर और अधिक हो सकता था, लेकिन भाजपा ने सरकारी मशीनरी, धनबल, प्रलोभन और बूथ कैप्चरिंग की कोशिश की। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सतर्कता से यह प्रयास सफल नहीं हो सके। सभा के दौरान मंच पर एक छोटा घटनाक्रम भी हुआ। स्वागत के दौरान पीछे से धक्का लगने पर विधायक कुंवर घनश्याम सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वे मंच से गिरते-गिरते बचे। मौके पर मौजूद जीतू पटवारी और उमंग सिंघार ने उन्हें संभाल लिया। इसके बाद कार्यक्रम सामान्य रूप से जारी रहा। जीतू बोले- दतिया की जनता ने भरोसा किया उसे टूटने नहीं देंगे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह जीत केवल जश्न मनाने का अवसर नहीं, बल्कि जनता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश है। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक जनसमर्थन दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस किसानों, युवाओं, व्यापारियों और गरीबों की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। पटवारी ने यह भी कहा कि 11 अगस्त को कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में प्रदेशभर में पुलिस-प्रशासन के कथित दमन के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विनम्रता के साथ जनता के बीच रहने की अपील की।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here