देश की राजनीति में अब सोशल मीडिया सिर्फ प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि जनता तक सीधी पहुंच का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्रियों को इंस्टाग्राम पर सक्रियता बढ़ाने और रील्स-शॉर्ट वीडियो के जरिए युवाओं तक सरकारी योजनाएं पहुंचाने की सलाह दी। इसके बाद दैनिक भास्कर ने मध्य प्रदेश सरकार के मंत्रियों का इंस्टाग्राम रिपोर्ट कार्ड खंगाला। पड़ताल में सामने आया कि जहां कुछ मंत्री लाखों फॉलोअर्स के साथ डिजिटल दुनिया में मजबूत मौजूदगी रखते हैं, वहीं कई मंत्री ऐसे भी हैं जिनके फॉलोअर्स की संख्या 10 हजार से भी कम है। खास बात यह है कि ज्यादातर मंत्रियों के इंस्टाग्राम अकाउंट उनके सलाहकार या अन्य सहयोगी हैंडल करते हैं। मोहन कैबिनेट के टॉप-5 इंस्टाग्राम स्टार मध्य प्रदेश के सोशल मीडिया रिपोर्ट कार्ड में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 लाख (2M) इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के साथ सबसे आगे हैं। मंत्रियों में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय 7.44 लाख (744K) फॉलोअर्स के साथ पहले स्थान पर हैं। उनके बाद सहकारिता एवं खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग 3.84 लाख (384K), पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल 1.77 लाख और उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला 1.55 लाख फॉलोअर्स के साथ क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। कई मंत्री अब भी हजारों फॉलोअर्स तक सीमित जहां सरकार के प्रमुख चेहरे सोशल मीडिया पर लाखों लोगों से जुड़े हैं, वहीं कई मंत्रियों की डिजिटल पहुंच अब भी सीमित है। सबसे कम फॉलोअर्स कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह के हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर केवल 3,924 फॉलोअर्स हैं। उनके बाद राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल (7,358) और कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह (9,484) का स्थान है। तीनों मंत्रियों के फॉलोअर्स की संख्या 10 हजार से भी कम है। पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंस्टाग्राम पर 106 मिलियन (10.6 करोड़) फॉलोअर्स हो गए हैं। वह इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हासिल करने वाले दुनिया के पहले राजनीतिक नेता हैं। प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़े थे। इस प्लेटफॉर्म पर उनके अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से भी दोगुने से अधिक फॉलोअर्स हैं। ये खबर भी पढ़ें… मोदी ने पूछा- सोशल मीडिया पर किसके एक करोड़ फॉलोअर्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के बीजेपी विधायकों, सांसदों और पदाधिकारियों से सवाल पूछा, बताइए किस विधायक के सोशल मीडिया पर 1 करोड़ फॉलोअर्स हैं। इस सवाल पर हॉल में चुप्पी छा गई, किसी ने भी जवाब नहीं दिया। पढ़िए पूरी खबर।
