Homeमध्यप्रदेशशादी से डरे धीरेंद्र शास्त्री, संन्यास की कह दी बात:दतिया हार का...

शादी से डरे धीरेंद्र शास्त्री, संन्यास की कह दी बात:दतिया हार का असर, जिला भाजपा की टीम आउट; महापौर को दगा दे गया माइक

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। शादी से डर गए पंडित धीरेंद्र शास्त्री
शादी के सवाल पर अक्सर जल्द खुशखबरी सुनाने की बात कहने वाले पंडित धीरेंद्र शास्त्री अब शादी के नाम से ही डरने लगे हैं। कथा के मंच से मजाकिया अंदाज में उन्होंने कुछ ऐसी ही बातें कहीं। उन्होंने हाल की कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आजकल तो बड़ा उलटा जमाना आ गया है। कोई किले पर ले जाकर धक्का दे देती है, कोई गर्दन दबाती है और कोई ज्यादा खटपट करे तो नीले ड्रम में भर देती है। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हमारी माता जी रोज लगी रहती हैं कि शादी कर लो, शादी कर लो। अब ऐसी खबरें देखकर हमें लगता है कि मान लो हमने शादी कर ली और पत्नी विचित्र निकली तो… जय बजरंग बली। यह सुनकर कथा पंडाल में बैठीं उनकी माता जी भी हंसने लगीं। इसके बाद पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी माता जी को एक रास्ता भी दिखा दिया। उन्होंने कहा- हे माता जी, आज की कथा जरूर सुनो। तुम्हारे अंदर भी भाव आएगा कि बेटे को संन्यास ले लेना चाहिए। अब सवाल ये है कि पंडित जी का मूड शादी से संन्यास की ओर शिफ्ट हो रहा है या ये सिर्फ शादी से बचने का बहाना है? हालांकि माता जी का मिशन बिल्कुल साफ है- बहू तो चाहिए ही। दगाबाज निकला महापौर का माइक
इंदौर में माइक ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव की फजीहत करा दी। हुआ यूं कि महापौर अपने चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने बैठे थे, तभी उनका माइक दगा दे गया। एक बार नहीं, दो बार नहीं, तीन-तीन बार माइक खराब हुआ। हालांकि एक बार उन्होंने माइक नीचे रखकर कहा- मेरी आवाज बुलंद है। बाद में माइक बदलकर उन्होंने अपना संबोधन जारी रखा। साथ ही साउंड सिस्टम वालों को भी नसीहत दे दी कि माइक चार्ज रखा करो। वैसे महापौर अपने चार साल के काम गिनाने आए थे, लेकिन उनके कामों की लिस्ट से ज्यादा माइक की दगाबाजी सुर्खियों में आ गई। अब लोग भी चुटकी ले रहे हैं कि लगता है… माइक को महापौर की उपलब्धियां पसंद नहीं आईं। दतिया हार के बाद भाजपा का एक्शन
जैसी संभावना जताई जा रही थी, दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा ने आखिरकार कार्रवाई का चाबुक चला ही दिया। दतिया जिला भाजपा संगठन की पूरी टीम भंग कर दी गई। जिला अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों को पदमुक्त कर दिया गया। इससे पहले सीएम हाउस में सत्ता और संगठन से जुड़े नेताओं के बीच उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसी बैठक में कार्रवाई का फैसला लिया गया। हालांकि बैठक में आते-जाते मंत्रियों और नेताओं ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। कुछ मंत्रियों ने तो कार के शीशे तक नहीं उतारे। कुछ ने चेहरे जरूर दिखाए, लेकिन सवालों का जवाब नहीं दिया। बैठक खत्म होने के बाद रात में कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया गया। बता दें कि दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को कांग्रेस के घनश्याम सिंह के हाथों हार का सामना करना पड़ा। नतीजों के बाद भाजपा में भितरघात के आरोप लग रहे थे। इसके बाद संगठन पर पहली कार्रवाई हुई है। अब सवाल यही है कि अगली कार्रवाई किस पर होगी? और अब अंदर की बात.. किसान आंदोलन, कमिश्नर का हटना तय
हाल ही में राजधानी में हुए किसान आंदोलन से सरकार की किरकिरी हुई। किसानों ने न सिर्फ दो दिन तक राजधानी जाम रखी, बल्कि तमाम इंतजामों को धता बताते हुए सीएम हाउस के पास तक पहुंच गए। हालांकि सरकार ने किसानों की मांगें मान लीं, लेकिन पूरे घटनाक्रम को लेकर अधिकारियों पर नाराजगी भी जताई है। सरकार ने बाकायदा बैठक कर पूरे मामले का फीडबैक लिया। अब इसका असर जल्द नजर आ सकता है। सुना है कि सरकार ने एक विभाग के कमिश्नर को हटाने की पूरी तैयारी कर ली है। आईएएस अफसरों की अगली ट्रांसफर लिस्ट में इस अधिकारी का नाम शामिल होना तय माना जा रहा है। दरअसल, सरकार ने किसान आंदोलन को कमिश्नर की नाकामी के तौर पर देखा है। सरकार का मानना है कि अगर अधिकारी समय रहते सक्रिय होते और किसानों से बातचीत करते, तो आंदोलन इतना बड़ा नहीं होता। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), अमित सालगट (इंदौर) ये भी पढ़ें –
कांग्रेस ने ‘मेलोडी’ से मनाया जीत का जश्न: नरोत्तम की अभिलाषा- पार्टी बस मुझे काम दे दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत और भाजपा की हार के बाद कांग्रेस नेताओं ने मिठाई नहीं, बल्कि ‘मेलोडी’ से कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया। यानी जीत का जश्न भी मनाया और इसी बहाने भाजपा को चिढ़ाने का मौका भी नहीं छोड़ा। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here