Homeमध्यप्रदेशपीएम आवास योजना: रोजगार सहायक रिश्वत लेते गिरफ्तार:ईओडब्ल्यू ने पंचायत भवन में...

पीएम आवास योजना: रोजगार सहायक रिश्वत लेते गिरफ्तार:ईओडब्ल्यू ने पंचायत भवन में रंगे हाथों दबोचा, अंतिम किश्त के लिए मांगे थे पैसे

प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किश्त जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले ग्राम रोजगार सहायक सोनू शर्मा को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लिधौरा ग्राम पंचायत भवन में की गई, जहाँ आरोपी को शिकायतकर्ता से पाँच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह तोमर ने बताया कि डबरा तहसील के ग्राम सागरपुरा बाबूपुर निवासी अजय कुशवाह ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत के अनुसार, उनके पिता कैलाश कुशवाह को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था। आवास निर्माण की अंतिम किश्त जारी कराने के लिए ग्राम लिधौरा के ग्राम रोजगार सहायक सोनू शर्मा आठ हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। बातचीत के बाद यह राशि पाँच हजार रुपये में तय हुई थी। शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू ने तकनीकी माध्यमों से पूरे मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी सोनू शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर उसे पकड़ने की योजना बनाई गई। मंगलवार को ईओडब्ल्यू की टीम ने ग्राम पंचायत लिधौरा भवन में जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोपी को पाँच हजार रुपये दिए। जैसे ही सोनू शर्मा ने रिश्वत की रकम अपने कब्जे में ली, पहले से मौजूद ईओडब्ल्यू टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथों को रासायनिक घोल से धुलवाया गया, जिससे घोल का रंग गुलाबी हो गया। इससे रिश्वत की रकम छूने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने आरोपी के पास से पाँच हजार रुपये की रिश्वत राशि जब्त कर ली। ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और नियमानुसार उसे जमानत पर रिहा कर दिया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here