अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना अंतर्गत वेंकटनगर पुलिस चौकी से 16 किलोमीटर दूर केरहा भेलमा गांव में सोमवार दोपहर पुलिस को एक 65 वर्षीय वृद्धा का शव आंगन में पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रामबाई गोंड पति स्वर्गीय सुधु सिंह गोंड के रूप में की। चौकी प्रभारी प्रवीण साहू ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि रामबाई के पति सुधु सिंह गोंड का निधन पांच साल पहले हो गया था और उनकी कोई संतान नहीं थी। मृतका का अपने देवर के बच्चों (भतीजों) के साथ लगभग 4-5 एकड़ जमीन को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे मृतका के घर के सामने मैदान में उसके दोनों भतीजों ने जमीनी विवाद को लेकर रामबाई के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। एक स्थानीय महिला ने इस मारपीट को देखा था। मारपीट के बाद दोनों भतीजों ने रामबाई को उठाकर उसके ही घर के आंगन में फेंक दिया और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। भतीजों के डर से किसी ने घर का दरवाजा नहीं खोला। रामबाई गांव में धान की रोपाई का काम करती थीं। जब वह रविवार और सोमवार को काम पर नहीं आईं, तो उनके साथ काम करने वाली अन्य ग्रामीण महिलाएं उनके घर पहुंचीं। अंदर जाकर देखा तो रामबाई मृत अवस्था में आंगन में पड़ी थीं। महिलाओं ने तुरंत घटना की सूचना गांव के उप सरपंच को दी, जिन्होंने फिर पुलिस को जानकारी दी। चौकी प्रभारी के अनुसार, मृतका का शव घर के आंगन में लगभग 30 घंटे तक पड़ा रहा। पुलिस ग्रामीणों की सूचना के आधार पर भतीजों की तलाश कर रही है। शाम होने के कारण शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा।
