बैतूल जिले के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम खापा में सोमवार सुबह 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शव घर की खिड़की से फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कैलाश पिता गिर्दा इवने (45), निवासी ग्राम खापा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रविवार रात करीब 12 से 1 बजे तक कैलाश घर पर था। सोमवार सुबह परिवार के लोगों के जागने पर वह घर की खिड़की से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना गांव के कोटवार को दी गई। इसके बाद बैतूल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मजदूरी कर चलाता था परिवार परिजनों के अनुसार कैलाश मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार में उसकी तीन बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। बैतूल बाजार पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
