Homeमध्यप्रदेश90 वाहनों के चालान में 45 हजार वसूले:शिवपुरी में यातायात नियम न...

90 वाहनों के चालान में 45 हजार वसूले:शिवपुरी में यातायात नियम न मानने वालों पर कार्रवाई; गाड़ियों के हूटर उतारे

शिवपुरी में यातायात पुलिस और जिले के सभी थानों की पुलिस ने सोमवार को संयुक्त कार्रवाई की। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत की गई। इस दौरान विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले 90 वाहनों के चालान बनाए गए और कुल 45 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर प्रदेशभर में 1 अगस्त से 10 अगस्त तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 3 अगस्त को शिवपुरी जिले के शहर और विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान निजी वाहनों पर अनधिकृत हूटर, वीआईपी सरकारी स्टिकर, ब्लैक फिल्म और बिना एचएसआरपी या अमानक नंबर प्लेट का उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के तहत अनधिकृत हूटर का उपयोग करने वाले 21 वाहन चालकों से 10,500 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। वीआईपी सरकारी स्टिकर का अनधिकृत उपयोग करने वाले 3 वाहनों से 1,500 रुपए का शुल्क लिया गया। ब्लैक फिल्म या अमानक टिंटेड फिल्म लगी होने पर 12 वाहनों के चालान काटकर 6 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त, बिना एचएसआरपी, गलत या अमानक नंबर प्लेट का उपयोग करने वाले 54 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 27 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया। यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान 10 अगस्त तक जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अनधिकृत हूटर, फ्लैश लाइट, वीआईपी स्टिकर या ब्लैक फिल्म का उपयोग न करें। साथ ही, निर्धारित मानकों के अनुसार एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाकर ही वाहन चलाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here