बहादुरपुर रोड स्थित यातायात थाने के पास रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में 7 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। हादसे के विरोध में रविवार शाम युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटनास्थल पर कैंडल मार्च निकालकर बच्चे को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर में बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताई। युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष देवेश्वर सिंह ने हादसे पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन से दो मांगें रखीं। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने और शहर की ट्रैफिक व सड़क व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो बड़ा आंदोलन और घेराव किया जाएगा। पहले भी यहां कई हादसे हुए
स्थानीय लोगों ने भी हादसे वाले क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर बनाने, बेहतर रोशनी की व्यवस्था करने और यातायात पुलिस की तैनाती बढ़ाने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने क्षेत्र में वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
