दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना से एक दिन पहले (रविवार) कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारी बहुमत से चुनाव जीतेगी और दतिया का परिणाम मध्यप्रदेश की राजनीति में बदलाव का संदेश देगा। पटवारी ने दतिया की जनता, कार्यकर्ताओं और मां पीतांबरा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस पर सकारात्मक सोच के साथ विश्वास जताया है। पटवारी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और सरकार के अहंकार का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ओबीसी, एससी-एसटी और गरीब वर्गों के साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं करती। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पर कुशवाह समाज के अपमान का आरोप लगाते हुए उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की। साथ ही पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर भी बघेल समाज का अपमान करने का आरोप लगाया। कांग्रेसियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विभिन्न समाजों के लोगों पर गैरकानूनी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से ऐसे मामलों की समीक्षा कर मुकदमे वापस लेने की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो ग्वालियर-चंबल अंचल में पुलिस की कथित अराजकता के खिलाफ आंदोलन चलाया जाएगा। मीडिया से बातचीत में पटवारी ने आगे कहा कि यदि दतिया में कांग्रेस जीतती है तो यह मोहन सरकार के खिलाफ जनता के संदेश के रूप में देखा जाएगा। मुख्यमंत्री के चेहरे से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य संगठन को मजबूत करना और जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ना है। उन्होंने मतगणना की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के पूरी तरह अलर्ट रहने की बात कही।
