गुना जिले के सिरसी थाना क्षेत्र के तिलवाड़ा गांव में 40 वर्षीय किसान मनोज राठौर ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। जहर खाने से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें एक डॉक्टर पर गिरवी रखी चांदी वापस नहीं करने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां शनिवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में एक ओर जहां वीडियो के आधार पर डॉक्टर पर आरोप लगाए गए हैं, वहीं परिजनों ने दावा किया है कि मृतक अपनी बेटी के वैवाहिक विवाद और ससुराल पक्ष के व्यवहार से भी मानसिक तनाव में था। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शाम को वीडियो बनाया, फिर खा लिया जहरीला पदार्थ जानकारी के अनुसार, तिलवाड़ा निवासी मनोज राठौर खेती-किसानी करता था। शनिवार शाम करीब 5 बजे उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके कुछ समय बाद उसने कथित रूप से सेल्फास की गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां रात करीब 8 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को सिरसी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वीडियो में डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप मृतक का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में मनोज राठौर ने आरोप लगाया कि उसने मारकी महू निवासी दारा सिंह धाकड़ नामक डॉक्टर के पास चांदी गिरवी रखकर रुपए लिए थे। बाद में उसने पूरी रकम वापस कर दी, लेकिन डॉक्टर ने गिरवी रखी चांदी वापस नहीं की। वीडियो में मनोज कहता है कि कई बार मांगने के बावजूद उसे लगातार टाल दिया गया। इसी कारण वह यह कदम उठा रहा है। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। 18 जुलाई को थाने में भी दी थी शिकायत पुलिस के अनुसार, मनोज राठौर ने 18 जुलाई को सिरसी थाने में एक लिखित आवेदन भी दिया था। आवेदन में उसने बताया था कि करीब दो वर्ष पहले उसने लगभग 960 ग्राम चांदी 20 हजार रुपए के बदले गिरवी रखी थी। बाद में ब्याज सहित करीब 25 हजार रुपए चुका दिए, लेकिन चांदी वापस नहीं मिली। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया था कि चांदी मांगने पर डॉक्टर ने गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की थी। पुलिस बोली- दोनों के बीच हुआ था मौखिक राजीनामा सिरसी थाना प्रभारी एसआई अरविंद गौड़ ने बताया कि मृतक और संबंधित व्यक्ति के बीच चांदी गिरवी रखने और पैसों के लेन-देन का विवाद था। 18 जुलाई को शिकायत मिलने के बाद दोनों पक्षों के बीच मौखिक राजीनामा हो गया था। इसके बाद शनिवार को मनोज ने जहरीला पदार्थ खा लिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। बेटी के वैवाहिक विवाद से भी परेशान था: परिजन परिजनों का कहना है कि मनोज की बेटी खुशबू की शादी दो वर्ष पहले खिरिया निवासी रिंकू राठौर से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से दहेज को लेकर बेटी को प्रताड़ित किया जाता था।हाल ही में खुशबू ने एक बेटी को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि बेटी होने के बाद ससुराल पक्ष ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया, जिससे मनोज काफी परेशान रहने लगा था। सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस पुलिस का कहना है कि आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो, पूर्व में दिए गए आवेदन, आर्थिक लेन-देन और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
