इंदौर में भाई को कोचिंग के लिए छोड़कर लौट रहे बाइक सवार छात्र को गोम्मटगिरी के पास कार ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गांधीनगर एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि हादसे में अंकुश रजक, निवासी समर्थ प्रीमियम पार्क, नैनोद की मौत हो गई। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। इधर, कांताप्रसाद रजक ने बताया कि मृतक उनका बड़ा भतीजा था। शुक्रवार को वह अपने छोटे भाई को कोचिंग के लिए गांधीनगर छोड़ने जा रहा था। कभी-कभी गोम्मटगिरी से साधन नहीं मिलने पर वह बाइक से उसे गांधीनगर तक छोड़ने जाता था। शुक्रवार को भी रास्ते में उसे एक ऑटो दिखा, तो उसने छोटे भाई को उसमें बैठा दिया। इसके बाद वह वापस लौटने लगा, तभी एक कार ने उसे टक्कर मार दी। अंकुश ने फर्स्ट ईयर में एडमिशन के लिए आवेदन किया था। उसके पिता सिलाई का काम करते हैं। उसका छोटा भाई बड़ा गणपति स्थित सुभाष स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता है, जिसे वह छोड़ने जा रहा था। चलती कार में लगी आग, नौकरी के लिए इंदौर आ रहा था युवक इधर, शुक्रवार को कनाडिया बायपास के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग लगते ही युवक कार से नीचे उतर आया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी कार उसकी चपेट में आ गई। फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के मुताबिक, कार रविकांत सिंह बैस, निवासी 84-ए, कालानी बाग, देवास की थी। रविकांत ने बताया कि वे देवास में बिजनेस करते हैं। उनका बेटा कार से रोज देवास से इंदौर अप-डाउन करता है। शुक्रवार को भी वह कार से इंदौर आ रहा था। इसी दौरान कार का क्लच फेल हो गया। उसने कार को सड़क किनारे खड़ा किया, तभी अचानक उसमें आग लग गई। बेटा तुरंत कार से उतर गया, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 4 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
