वन क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ वन विभाग ने अब तक का सबसे सख्त और अनूठा रुख अपनाया है। जेसीबी की कार्रवाई के बाद भी मुरवास बीट के इस्लामनगर में चोरी-छिपे दोबारा बोई गई करीब 100 बीघा अवैध फसल को विभाग ने इस बार केमिकल स्ट्राइक कर पूरी तरह नष्ट कर दिया है। कार्रवाई से पहले अधिकारियों ने पूरा प्लान बेहद गोपनीय रखा। गुरुवार सुबह 9 बजे अधिकारियों और सुरक्षाबलों की टीम ने अचानक मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वन माफिया ने विरोध करने की कोशिश भी की, लेकिन भारी बल की मौजूदगी के आगे उनकी एक न चली। 4 स्प्रे मशीनों के जरिए 100 बीघा जमीन पर 50 लीटर ‘सफाया’ नामक खरपतवारनाशी का छिड़काव किया गया। इस मामले में डीएफओ हेमंत यादव का कहना है कि लटेरी क्षेत्र में पहली बार अवैध रूप से बोई गई फसल पर ‘सफाया’ दवा का छिड़काव कर उसे नष्ट करने की कार्रवाई की गई है। वन भूमि पर अवैध कब्जे और खेती के खिलाफ आगे भी ऐसा ही सख्त अभियान जारी रहेगा।
