दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गया है। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों समेत कई केंद्रों पर सुबह 7:40 बजे तक लंबी कतारें लग गईं। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मतदान से पहले पीतांबरा पीठ में दर्शन कर दतिया के विकास, युवाओं को रोजगार और भयमुक्त दतिया के लिए प्रार्थना की। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह की बेटी मांडवी राजे ने भी मतदान कर पार्टी की जीत का दावा किया। जिले के 291 मतदान केंद्रों पर 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है, इसलिए मतदान के लिए निकलते समय छतरी या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी गई है। 16 सुरक्षा कंपनियों के 1422 जवानों की तैनाती
एसएसबी सहित 16 सुरक्षा कंपनियों के 1422 जवानों की तैनाती की गई है, जबकि संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं। सेक्टर मोबाइल दल लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं और मतदाताओं को निर्भय होकर मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। वोटिंग के मिनट-टु-मिनट अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
