हरदा जिले के कांकरिया गांव में सोमवार शाम को एक 17 वर्षीय किशोरी का जला हुआ शव उसके घर के आंगन में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। आशंका जताई जा रही है कि उसने अपने सिर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुदकुशी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान कांकरिया निवासी लक्ष्मी पिता कड़वा ठाकरे (17) के रूप में हुई। लक्ष्मी ने बारहवीं पास करने के बाद इस साल हरदा के सरकारी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। घटनास्थल पर एक खाली ग्लास मिला है, जिसमें से पेट्रोल की गंध आ रही थी। आग की लपटों से पास के पेड़ की टहनियां भी झुलस गई थीं। एफएसएल टीम के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा। माता-पिता बाहर गए थे, छोटा भाई स्कूल गया था
हादसे के वक्त लक्ष्मी के पिता गैस सिलेंडर लेने हरदा गए हुए थे, जबकि उसकी मां और बड़ी बहन मजदूरी करने गई थीं। छोटा भाई स्कूल में था। लक्ष्मी अपने दो बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी।देर शाम शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है।जिसे मर्चुरी में रखा गया है।मंगलवार सुबह शव का पीएम होगा। पड़ोसियों ने आग की लपटें देखकर लक्ष्मी की मां को सूचित किया। मां जब मजदूरी छोड़कर घर लौटीं, तो उन्होंने आंगन में अपनी बेटी का जला हुआ शव देखा। परिजन बोले- युवक परेशान कर रहा था
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पास के गांव का एक युवक उसे बार-बार फोन कर परेशान कर रहा था, जिससे तंग आकर लक्ष्मी ने यह कदम उठाया। इस मामले को लेकर टीआई आर.एस. तिवारी का कहना है कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की गहन जांच की जाएगी। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है।
