सिहोरा में रविवार शाम नीट परीक्षा में पेपर लीक से दुखी होकर जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की याद में एक मौन कैंडल मार्च निकाला गया। दिल्ली में चल रहे सीजेपी छात्र आंदोलन के समर्थन में बने संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर आयोजित इस मार्च में कांग्रेस, किसान संगठनों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। शाम करीब 7:30 बजे झंडा बाजार से शुरू हुआ यह कैंडल मार्च काल भैरव चौक, सरावगी मोहल्ला, सत्यवती पार्क, मृगनयनी रोड और बस स्टैंड होते हुए थाना परिसर स्थित जय स्तंभ पहुंचा। जय स्तंभ पर सभी लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि दी। पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था बनाने की मांग संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि नीट पेपर लीक के कारण जान गंवाने वाले छात्रों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाना चाहिए। पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने सरकार से मांग की कि परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को ऐसा कदम न उठाना पड़े।
