Homeमध्यप्रदेशएयरफोर्स में चयन पर बांटी मिठाई, कुएं में मिला शव:बैतूल में युवक...

एयरफोर्स में चयन पर बांटी मिठाई, कुएं में मिला शव:बैतूल में युवक के गले पर लिपटी थी केबल; फोरेंसिक एक्सपर्ट बोले- हत्या की आशंका

मध्यप्रदेश के बैतूल के आठनेर थाना क्षेत्र के पुसली गांव में भारतीय वायु सेना में चयनित 21 वर्षीय मोहित गलफट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, शनिवार को ही उसे एयरफोर्स का जॉइनिंग लेटर मिला था। इस खुशी में उसने गांव के हनुमान मंदिर में मिठाई बांटी। रात में मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह खेत के पास एक कुएं में उसका शव मिला। गले में करीब चार फीट लंबा एल्यूमीनियम केबल लिपटा था। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव बोरी में भरकर कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। मृतक के जीजा के मुताबिक, मोहित को सोमवार 27 जुलाई को ट्रेनिंग के लिए देहरादून पहुंचना था। इसके लिए उसका रिजर्वेशन भी हो चुका था। रात 8 बजे मंदिर जाने निकला, फिर नहीं लौटा मोहित शनिवार रात करीब 8 बजे घर से मंदिर जाने की बात कहकर निकला था। रात 10 बजे परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। रात करीब एक बजे भजन से लौटने के बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी रात गांव और आसपास खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सुबह कुएं के पास जूते और मोबाइल पड़े थे रविवार सुबह परिजन खेत पहुंचे तो झोपड़ी का सामान बिखरा मिला। एक बोरी से रस्सियां बाहर फैली थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कुएं के पास मोहित के जूते, अलग-अलग जगह रस्सियां और उसका मोबाइल मिला। खेत के पास स्थित तीन-चार कुओं में तलाश के दौरान एक कुएं से उसका शव बरामद हुआ। यह कुआं उसके रिश्तेदार का बताया जा रहा है। गले में चार फीट लंबा एल्यूमीनियम केबल लिपटा मिला जांच अधिकारी मांगीलाल ठाकरे ने बताया कि शव के गले में करीब चार फीट लंबा एल्यूमीनियम केबल लिपटा हुआ था। जिस कुएं से शव बरामद हुआ, उसमें पानी ऊपर तक भरा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। हत्या, फिर बोरी में भरकर शव फेंकने की आशंका फोरेंसिक एक्सपर्ट आबिद अंसारी के मुताबिक, घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान खाली बोरी, अलग-अलग स्थानों पर रस्सियां और मृतक का मोबाइल अलग पड़ा मिला। शुरुआती परिस्थितियों के आधार पर आशंका है कि पहले युवक की हत्या की गई, फिर शव को बोरी में भरकर कुएं में फेंका गया। उन्होंने यह भी संभावना जताई कि रात में तलाश के दौरान परिजनों और ग्रामीणों द्वारा बार-बार कांटा डालने से शव बोरे से बाहर निकल गया होगा। सोमवार को देहरादून पहुंचना था, रिजर्वेशन भी था मृतक के जीजा ने बताया कि मोहित को सोमवार 27 जुलाई को ट्रेनिंग के लिए देहरादून पहुंचना था। इसके लिए उसका रिजर्वेशन भी कराया जा चुका था। हालांकि परिवार को भी यह जानकारी नहीं है कि उसका चयन एयरफोर्स में किस पद के लिए हुआ था। परिवार ने जताई हत्या की आशंका मोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। मृतक के बहनोई राजा ने कहा कि घटनास्थल पर बिखरा सामान, कुएं के पास मिले जूते, रस्सियां, मोबाइल और गले में केबल मिलने से मामला संदिग्ध लगता है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों का पता लगाने की मांग की है। पुलिस बोली- सभी एंगल से जांच जारी पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here