शहडोल जिले के ब्यौहारी जनपद स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय कोलान कुआं का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर में झाड़ू लगाते और साफ-सफाई करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे सरकारी स्कूलों की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। छात्रों ने आरोप लगाया है कि यह केवल एक दिन की घटना नहीं है। उनके अनुसार, उन्हें प्रतिदिन सुबह स्कूल का मुख्य गेट खोलना पड़ता है और परिसर की साफ-सफाई करनी पड़ती है। छात्रों ने यह भी बताया कि विद्यालय के शिक्षक नियमित समय पर नहीं आते, बल्कि अधिकांश दिनों में सुबह करीब 11 बजे स्कूल पहुंचते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने इस स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सवाल उठाया है कि यदि बच्चों से ही सफाई कराई जाएगी और शिक्षक समय पर नहीं आएंगे, तो शिक्षा की गुणवत्ता कैसे सुनिश्चित होगी। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दो दिन पहले भी हुई थी घटना दो दिन पहले जयसिंहनगर जनपद के मशियारी ग्राम पंचायत स्थित एक सरकारी स्कूल का भी ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें छात्र स्कूल में काम करते दिखे थे। उस मामले की जांच अभी जारी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाते हैं। शिक्षा विभाग ने वीडियो का संज्ञान लिया है। जांच के बाद लेंगे एक्शन जिला शिक्षा अधिकारी आरके मंगलानी ने पुष्टि की है कि वीडियो प्राप्त हो गया है और इसकी जांच कराई जाएगी। विभाग का कहना है कि जांच के तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, विद्यालयों में समय पर शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने और बच्चों से अन्य कार्य न कराने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने पर भी विचार किया जाएगा।
