Homeमध्यप्रदेशभाजपा की 'बाय वन, गेट वन' जैसी चुनावी स्कीम:महाराज की एक्टिंग, कांग्रेस...

भाजपा की ‘बाय वन, गेट वन’ जैसी चुनावी स्कीम:महाराज की एक्टिंग, कांग्रेस का मजाक उड़ाया; चर्चा में नरोत्तम का ‘जंग लगा टैंकर’

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। भाजपा की चुनावी ‘बाय वन, गेट वन’ स्कीम
दतिया में उपचुनाव का प्रचार अब चरम पर पहुंच गया है। इसके साथ ही भाजपा और कांग्रेस के नेता भी पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आ रहे हैं। वोटों के लिए आरोप-प्रत्यारोप, गुस्सा, चिंता, चेतावनी और इमोशनल ड्रामा से लेकर हर तरह की राजनीतिक जोर-आजमाइश देखने को मिल रही है। भाजपा की बात करें तो पार्टी ने भले ही आशुतोष तिवारी को चुनावी दूल्हा यानी प्रत्याशी बनाया है, लेकिन पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के सिर पर भी सेहरा सजा रखा है। यानी चुनावी प्रचार अभियान में नरोत्तम मिश्रा को आगे रखा जा रहा है, उन्हें पूरी तवज्जो दी जा रही है। जब सीएम डॉ. मोहन यादव भाजपा के पक्ष में प्रचार करने दतिया पहुंचे तो उन्होंने नरोत्तम मिश्रा को मंच पर अपने पास बैठाया। इतना ही नहीं, अपने संबोधन में आशुतोष तिवारी और नरोत्तम मिश्रा को साथ खड़ा कर उन्होंने कहा कि ये एक और एक ग्यारह हैं। ये राम-लक्ष्मण की जोड़ी है। अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि भाजपा की ये तो ‘बाय वन, गेट वन’ वाली स्कीम हो गई। कुछ लोग कह रहे हैं कि भले ही भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया हो, लेकिन पार्टी दतिया के दंगल में ‘दादा’ की अहमियत बखूबी जानती है। यही वजह है कि प्रत्याशी के साथ-साथ नरोत्तम मिश्रा को भी चुनावी मैदान में आगे रखा गया है। दतिया में ‘जंग लगा टैंकर’ सुर्खियों में आ गया
दतिया में उपचुनाव की सरगर्मी के बीच एक जंग लगा टैंकर भी सियासी सुर्खियों में आ गया है। सड़क किनारे खड़े इस टैंकर पर लिखा है- ‘सौजन्य से- डॉ. नरोत्तम मिश्रा।’ बस फिर क्या था… कांग्रेस को भाजपा पर तंज कसने का एक और मौका मिल गया। कांग्रेस इस टैंकर के फोटो और वीडियो जमकर प्रचारित कर रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा में नरोत्तम मिश्रा की हालत भी उनके नाम लिखे इस टैंकर जैसी हो गई है। कांग्रेस का तंज है कि कभी दतिया की सियासत में ‘दादा’ का दबदबा था, लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि दादा के नाम वाला टैंकर भी सड़क किनारे जंग खा रहा है और भाजपा ने भी उन्हें सियासी तौर पर साइड में कर दिया है। पटवारी को दतिया उपचुनाव में जीत की चिंता
दतिया उपचुनाव में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी अंगद की तरह पैर जमा रखे हैं। दरअसल, कांग्रेस हर हाल में दतिया सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखना चाहती है। यही वजह है कि पटवारी की सक्रियता भी बढ़ गई है और दतिया की चिंता उनके बयानों में साफ नजर आ रही है। हाल ही में वे हरदा और सिवनी के दौरे पर गए थे। वहां एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मेरा दिल और दिमाग दतिया में है। कांग्रेस को यह सीट जीतना है। अब लोग कह रहे हैं कि ये चिंता इसलिए भी है, क्योंकि कांग्रेस ने हाल ही में राज्यसभा की तयशुदा सीट खो दी थी। इससे पार्टी की जमकर किरकिरी हुई थी। इधर, जीतू पटवारी की दतिया में बढ़ती सक्रियता पर पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि आजकल जीतू पटवारी खूब घूम रहे हैं। ये वो पटवारी हैं, जिनका कोई हल्का ही नहीं है। यानी ये बिना हल्के वाले पटवारी हैं। चुनाव में फेंका जा रहा ‘राजा-रंक’ वाला पासा
भारत लोकतांत्रिक देश है। यहां कोई राजा नहीं होता। जनता ही राजा है और जनता ही सत्ता का असली आधार। लेकिन दतिया उपचुनाव में सियासी बिसात बिछी है, इसलिए नेता ‘राजा-रंक’ वाला पासा भी जमकर फेंक रहे हैं। पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने एक बार फिर कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशी राजा के बेटे हैं और सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए हैं। ऐसे में वे आम लोगों का दुख-दर्द क्या समझेंगे। भाजपा नेता चुनावी मंचों से लगातार यही मुद्दा उठा रहे हैं। इस पर कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कोई राजा नहीं होता। जनता ही राजा होती है। आप सब राजा हैं। वैसे खरी बात तो यही है कि लोकतंत्र में जनता ही असली राजा है। वही तय करती है कि किसे सत्ता का ताज पहनाना है और किसे सियासी मैदान में रंक बना देना है। यानी चुनावी बिसात पर आखिरी चाल जनता ही चलती है। चुनावी रण में ‘महाराज’ की कमाल की एक्टिंग
दतिया के चुनावी रण में अब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उतर आए हैं। उन्होंने अपने खास अंदाज में भाजपा के लिए प्रचार किया और इस दौरान अपनी पुरानी पार्टी कांग्रेस के शासनकाल पर जमकर निशाना साधा। सिंधिया ने कांग्रेस के कार्यकाल की बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए उसका मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा कि उस जमाने में बल्ब को हम लोग ‘लट्‌टू’ कहते थे, जिसमें धीरे-धीरे वोल्टेज आता था। सिंधिया ने जनता से अपील की है कि वह दौर दोबारा वापस न आने दे और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जिताए। सिंधिया के इस अंदाज पर सभा में जमकर तालियां गूंजीं। और अब अंदर की बात.. ‘पंडित जी’ बोले- आप मुख्यमंत्री बन जाएं
दतिया उपचुनाव में भाजपा ने प्रचार अभियान में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी सिलसिले में पार्टी ने दतिया में चुनावी रणनीति को लेकर एक बैठक भी की। बैठक में एक ऐसा वाकया हो गया, जिससे भोपाल से आए संगठन के एक बड़े पदाधिकारी कुछ देर के लिए झेंप गए। हुआ यूं कि भोपाल से आए ये बड़े पदाधिकारी बैठक का संचालन कर रहे थे। उन्होंने बैठक में मौजूद ‘पंडित जी’ से कहा कि वे दो मिनट में अपनी बात रखें। इस पर ‘पंडित जी’ ने तपाक से जवाब दिया- दो मिनट में तो इतना ही कह सकता हूं कि आप मुख्यमंत्री बन जाएं। ‘पंडित जी’ की हाजिरजवाबी और उसमें भी मुख्यमंत्री बनने की बात सुनकर संगठन के ये बड़े पदाधिकारी कुछ देर के लिए असहज हो गए। उनके चेहरे के भाव भी बदल गए। हालांकि, बाद में हास-परिहास के बीच बैठक में बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ गया। सुना है कि इस बैठक में ‘महाराज’ भी मौजूद थे। इनपुट सहयोग – राधावल्लभ मिश्रा (दतिया) ये भी पढ़ें –
भुट्‌टे वाले भैया ने सीएम को बताया ‘कड़वा सच’: मंत्री की मौजूदगी में कांग्रेस नेता को पड़ा थप्पड़ सड़क किनारे भुट्टा बेचने वाले एक दिव्यांग युवक ने मुख्यमंत्री को भुट्टा खाने के लिए आवाज दी। मुख्यमंत्री ने भी अपना काफिला रुकवाया और युवक के पास पहुंचे। इस दौरान युवक ने मुख्यमंत्री से कहा- ‘सर, मैंने MSW यानी मास्टर ऑफ सोशल वर्क किया है। जब कहीं नौकरी नहीं मिली तो मैंने भुट्टा बेचने का रोजगार शुरू कर लिया।’ पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here