मध्यप्रदेश के भिंड में दादा के साथ बाजार जा रहे चार साल के मासूम को कार ने कुचल दिया। नेशनल हाईवे-719 पर ओवरटेक कर रही बाइक चलती कार के अचानक खुले गेट से टकरा गई। टक्कर के बाद मासूम उछलकर सड़क पर गिरा और कार के पहिए के नीचे आ गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर से मारपीट की और हाईवे पर जाम लगा दिया। बाइक से कार को ओवरटेक कर रहे थे देहात थाना क्षेत्र के कनकूरा गांव के पास शनिवार शाम यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, चार वर्षीय देवांश यादव अपने दादा सुनील यादव के साथ बाइक से भिंड बाजार जा रहा था। कुंवारी नदी पुल के पास वे ब्रेजा कार को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान कार का ड्राइवर अचानक गेट खोल बैठा। बाइक सीधे खुले गेट से टकरा गई। हादसे में दादा सुनील यादव भी घायल हुए हैं। गुटखा थूकने ड्राइवर ने खोला था गेट प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक चलते वाहन में गुटखा थूकने के लिए गेट खोल रहा था। इसी वजह से बाइक सीधे दरवाजे से टकरा गई। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। देवांश के पिता दुर्गेश यादव ट्रक ड्राइवर हैं। परिवार के मुताबिक, देवांश उनका इकलौता बेटा था। लोगों ने ड्राइवर को पीटा, लगा जाम हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने ड्राइवर से मारपीट की और हाईवे पर करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही फूप और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने ब्रेजा कार जब्त कर ली है। देवांश के ताऊ की शिकायत पर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। भाजपी नेत्री की बताई जा रही कार स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे में शामिल ब्रेजा कार एक बीजेपी नेत्री से जुड़ी है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
