शामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित चंदवासा चौकी के ग्राम तोलाखेड़ी में शुक्रवार दोपहर चंबल नदी के बैकवॉटर में पैर फिसलने से 22 वर्षीय एक युवती गहरे पानी में डूब गई। करीब 6 घंटे चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसका शव बाहर निकाला जा सका। जानकारी के मुताबिक, तोलाखेड़ी गांव की रहने वाली 22 वर्षीय नखरा बाई (पुत्री बाबूलाल बंजारा) गांव के पास ही चंबल नदी के बैकवॉटर किनारे अपनी भैंसे चरा रही थी। इसी दौरान वह पानी पीने या लेने के लिए नदी किनारे पहुंची, जहां अचानक उसका पैर फिसल गया। संभलने का मौका न मिलने के कारण वह सीधे गहरे पानी में जा गिरी और डूब गई। 6 घंटे चला सर्च ऑपरेशन, अस्पताल में मृत घोषित घटना की जानकारी मिलते ही चंदवासा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में युवती की तलाश शुरू की गई। लगभग 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को पानी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस तुरंत उसे शामगढ़ शासकीय चिकित्सालय ले गई, जहां डॉक्टर मनीष पंजाबी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह होगा पोस्टमार्टम चंदवासा चौकी प्रभारी मनोज महाजन ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार सुबह 8 बजे तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
