Homeमध्यप्रदेशMP में 20 IAS अफसरों के तबादले, 6 कलेक्टर बदले:राजौरा बने प्रशासन...

MP में 20 IAS अफसरों के तबादले, 6 कलेक्टर बदले:राजौरा बने प्रशासन अकादमी के DG, डॉ. खाड़े मुख्यमंत्री के सचिव; भास्कर इंदौर संभागायुक्त

मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार आधी रात 20 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए। अशोक बर्णवाल को मुख्य सचिव बनाए जाने के 24 घंटे बाद हुई पहली बड़ी प्रशासनिक सर्जरी में 6 कलेक्टर बदले गए हैं। एसीएस डॉ. राजेश राजौरा को प्रशासन अकादमी का महानिदेशक बनाया गया है। इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम पी. खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि भास्कर लक्षकार नए इंदौर संभागायुक्त होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मण्डलोई को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS)-2027 की कमान सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें उद्योग एवं एमएसएमई विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। यह विभाग अब तक प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह के पास था। 6 जिलों में नए कलेक्टर
शासन ने रतलाम में अजय कटेसरिया, शहडोल में मिशा सिंह, अनूपपुर में रत्नाकर झा, खरगोन में गुरु प्रसाद, मंदसौर में दिव्यांक सिंह और आगर मालवा में डॉ. शेर सिंह मीना को कलेक्टर बनाया है। इसी आदेश में शहडोल कलेक्टर केदार सिंह को अपर सचिव, लोक निर्माण विभाग भेजा गया है। मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग को ओएसडी सह आयुक्त, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग और आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव को औद्योगिक विकास निगम, इंदौर का कार्यकारी संचालक बनाया गया है। खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल दो साल की स्टडी लीव पर चली गई हैं, इसलिए वहां गुरु प्रसाद को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। UCC ड्राफ्ट बनाने वाले कटेसरिया बने रतलाम कलेक्टर
सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव अजय कटेसरिया को रतलाम का कलेक्टर बनाया गया है। सरकार ने उनकी मेहनत का इनाम देते हुए पहली बार जिले की कमान सौंपी है। पहले दस साल तक बंद पड़ी पदोन्नति की प्रक्रिया के लिए उन्होंने पदोन्नति नियम-2025 तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली समान नागरिक संहिता (UCC) का ड्राफ्ट तैयार करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। संदीप यादव को जल संसाधन, NVD की जिम्मेदारी ई. रमेश कुमार को
एमडी कृषि उपज मंडी कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव बनाया गया है। मुख्यमंत्री के विश्वस्त अधिकारी संदीप यादव को जल संसाधन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। अब केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध परियोजनाओं की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी। शुक्रवार को डॉ. राजेश राजौरा को प्रशासन अकादमी का महानिदेशक बनाया गया था। उनके पास जल संसाधन और नर्मदा घाटी विकास (NVD) विभाग की जिम्मेदारी भी थी। जल संसाधन विभाग अब संदीप यादव को सौंपा गया है, जबकि NVD का प्रभार प्रमुख सचिव ई. रमेश कुमार को दिया गया है। वे राजस्व विभाग के साथ यह जिम्मेदारी भी संभालेंगे। ऊर्जा विभाग मनीष सिंह को, PHE की जिम्मेदारी सचिन सिन्हा को
राज्य सरकार ने अहम विभागों में भी बदलाव किया है। प्रशासन अकादमी के महानिदेशक पद से सचिन सिन्हा को हटाकर उन्हें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं नीरज मण्डलोई से ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी वापस लेकर यह विभाग प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मनीष सिंह को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपा गया है। राघवेंद्र सिंह अब वन विभाग के प्रमुख सचिव
पिछले ढाई साल से औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग संभाल रहे राघवेंद्र सिंह को वन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। उन्हें आनंद विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। 17 महिला कलेक्टर थीं, अब संख्या घटकर 15
प्रदेश के 55 जिलों में एक माह पहले तक 17 महिला कलेक्टर पदस्थ थीं। अब यह संख्या घटकर 15 रह गई है। खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल दो साल की स्टडी लीव पर चली गई हैं। वहीं मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग और आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव से कलेक्टरी लेकर उन्हें भोपाल पदस्थ किया गया है। दूसरी ओर मिशा सिंह को शहडोल का कलेक्टर बनाया गया है, जिससे महिला कलेक्टरों की संख्या में एक पद की भरपाई हुई।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here