मंदसौर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। अफजलपुर थाना पुलिस ने ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत एक स्कॉर्पियो वाहन से 465 किलोग्राम (4.65 क्विंटल) डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त डोडाचूरा और वाहन की कुल कीमत 21.30 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, बरामद डोडाचूरा की कीमत 9.30 लाख रुपये है, जबकि स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक GJ-18-BN-6188) की कीमत 12 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर की गई। शुक्रवार को अफजलपुर थाना पुलिस गश्त और संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा। कुछ दूरी पर चालक स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 21 कट्टों में 465 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने स्कॉर्पियो और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है। अफजलपुर थाना पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 195/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण कायम किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मंदसौर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के लिए लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं। 19 जुलाई को शामगढ़ थाना पुलिस ने एक फॉर्च्यूनर से लगभग एक क्विंटल डोडाचूरा जब्त किया था। इसके बाद, 21 जुलाई को नारायणगढ़ थाना पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से 1 किलो 100 ग्राम अफीम पकड़ी थी।अब अफजलपुर पुलिस द्वारा स्कॉर्पियो से 4.65 क्विंटल डोडाचूरा की यह बड़ी खेप पकड़े जाने से स्पष्ट है कि तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए महंगी एसयूवी और लग्जरी वाहनों का तेजी से उपयोग कर रहे हैं।
