उज्जैन के नीलगंगा क्षेत्र में पांच दिन पहले हुए डबल मर्डर केस में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर निवासी विवेक वर्मा, जबरन कॉलोनी निवासी यश पासी और बड़नगर निवासी पीयूष पासी शामिल हैं। तीनों शुक्रवार दोपहर नीलगंगा थाना क्षेत्र के मंछामन स्थित एक निर्माणाधीन मल्टी में छिपे हुए थे। पुलिस पहुंची तो वे भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन गिरने से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी नरेश पासी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर चुकी है। उसके पैर में गोली लगी थी। उपचार के बाद उसे जेल भेज दिया गया। 19 जुलाई को नीलगंगा चौराहे पर पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग में सगे भाई लोकेश गोरकर और जीतेश गोरकर की मौत हो गई थी। वहीं भाजपा नेता दिलीप राव गोरकर, उनके पुत्र तपन गोरकर समेत कई लोग घायल हुए थे। मामले में रोशन पासी, राकेश पासी, सन्नी पासी समेत अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात की साजिश, उनकी भूमिका और फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
