Homeमध्यप्रदेशफर्जी नंबर प्लेट वाली गाड़ियों पर बड़ी कार्रवाई:थार और फॉर्च्यूनर समेत कई...

फर्जी नंबर प्लेट वाली गाड़ियों पर बड़ी कार्रवाई:थार और फॉर्च्यूनर समेत कई लग्जरी वाहनों को जब्त किया;पुलिस बोली- अपराधियों की पहचान छिपाने का जरिया बन रहे ऐसे वाहन

रीवा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध वाहनों पर निगरानी बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने रविवार को फर्जी नंबर प्लेट और ब्लैक फिल्म लगी लग्जरी गाड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर थार, फॉर्च्यूनर समेत कई महंगी गाड़ियों की सघन जांच की गई। कार्रवाई में कई ऐसे वाहन मिले, जिनमें असली नंबर प्लेट को छिपाकर उसके ऊपर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी गई थी। वहीं, कई वाहनों में नियमों के विरुद्ध ब्लैक फिल्म भी लगी पाई गई। यातायात पुलिस के अनुसार, फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल केवल नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे वाहनों का उपयोग कई बार आपराधिक गतिविधियों में भी किया जाता है। वाहन की वास्तविक पहचान छिप जाने से अपराध की जांच प्रभावित होती है और आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। अपराधियों की पहचान छिपाने का बन रहा जरिया पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के वर्षों में नशीली कफ सिरप की तस्करी, अवैध परिवहन और अन्य आपराधिक गतिविधियों में फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों के इस्तेमाल की आशंका लगातार सामने आती रही है। ऐसे मामलों में वाहन की पहचान छिपाने के लिए असली नंबर प्लेट पर नकली प्लेट लगा दी जाती है, जिससे सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जांच में वाहन का सही विवरण नहीं मिल पाता। इसी को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों की पहचान और जांच शुरू की है। अभियान के दौरान प्रत्येक संदिग्ध वाहन के दस्तावेज, रजिस्ट्रेशन नंबर और नंबर प्लेट का सत्यापन किया गया। थार-फॉर्च्यूनर समेत कई लग्जरी वाहनों की जांच रविवार को चले अभियान में शहर के विभिन्न स्थानों पर लग्जरी एसयूवी और अन्य महंगे वाहनों को रोककर जांच की गई। कई वाहनों में ब्लैक फिल्म लगी मिली, जबकि कुछ वाहनों में असली नंबर प्लेट के ऊपर फर्जी प्लेट लगाकर वाहन चलाया जा रहा था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटने के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की। यातायात पुलिस की सख्त चेतावनी यातायात थाना प्रभारी अखिलेश कुशवाह ने बताया कि फर्जी नंबर प्लेट और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी वाहन में फर्जी नंबर प्लेट लगाना या प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म का उपयोग करना कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में चालानी कार्रवाई के साथ अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने वाहन मालिकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में केवल वैध नंबर प्लेट का ही उपयोग करें और ब्लैक फिल्म जैसी प्रतिबंधित सामग्री तुरंत हटवा लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here