अंबाह| ग्राम बंधा स्थित मान्य सिद्ध क्षेत्र में करीब 20 बीघा भूमि पर बनी क्षेत्र की सबसे बड़ी गोशाला का संचालन शुरू हो गया है। श्री हनुमान जी गोशाला समिति की इस गोशाला में लगभग 5 हजार गोवंश के संरक्षण की क्षमता बताई गई है। शुरुआती चरण में 200 से अधिक निराश्रित और घायल गोवंश को यहां लाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की निधि से 10 लाख रुपये की लागत से टीन शेड का निर्माण कराया जा रहा है। समिति पदाधिकारी जिनेश जैन के अनुसार, गोशाला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गोबर और गोमूत्र से उत्पाद तथा दूध से दुग्ध उत्पाद बनाने की योजना है।
