Homeमध्यप्रदेशभिंड के महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक लापता:आखिरी बार होने...

भिंड के महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक लापता:आखिरी बार होने वाले समधी से हुई थी बात, सीसीटीवी फुटेज में आईं नजर

ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित न्यू साकेत नगर से महिला एवं बाल विकास विभाग की 46 वर्षीय महिला पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। महिला 1 जुलाई से गायब हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पर्यवेक्षक की पदस्थापना फिलहाल भिंड जिले के अटेर में है, जबकि घटना ग्वालियर के न्यू साकेत नगर की है। पुलिस की छानबीन में महिला बिरला नगर इलाके में सीसीटीवी कैमरों में नजर आई हैं। आगे के सीसीटीवी कैमरे बंद होने के कारण यह पता नहीं चल सका कि सिमको तिराहे से वह पुरानी छावनी की ओर गईं या गोला का मंदिर की तरफ। शुरुआती जांच में गुमशुदगी के पीछे एक चौंकाने वाली और तनावपूर्ण वजह सामने आई है, जो उनकी इकलौती बेटी की शादी से जुड़ी बताई जा रही है। शहर के पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित न्यू साकेत नगर निवासी प्रभा दिनकर (46), पत्नी अरुण दिनकर, महिला एवं बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में उनकी पदस्थापना भिंड जिले के अटेर में है। प्रभा के पति ने बताया कि 1 जुलाई की सुबह 6:40 बजे उनकी नींद खुली तो पत्नी घर पर नहीं थीं। उन्होंने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। शुरुआत में लगा कि किसी बात से तनाव में होंगी और खुद लौट आएंगी या भिंड चली गई होंगी। जब काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो पति ने पड़ाव थाने पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी। जांच में पता चला है कि प्रभा ने हाल ही में अपनी इकलौती बेटी की सगाई तय की थी। शादी की बातचीत फाइनल होने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि जिस युवक (विक्की) से बेटी की शादी तय हुई है, वह और उसका पिता हत्या के एक मामले में आरोपी हैं तथा कोर्ट से उन्हें जल्द सजा होने की संभावना है। यह जानकारी मिलने के बाद से प्रभा काफी डरी और तनाव में थीं। लापता होने से पहले समधी से हुई थी आखिरी बातचीत कॉल डिटेल और जांच में सामने आया है कि 1 जुलाई को लापता होने से एक दिन पहले, यानी 30 जून को प्रभा की आखिरी बातचीत उनकी बेटी के होने वाले ससुर से हुई थी। इसके अगले दिन सुबह वह बिना बताए घर से निकल गईं और फिर वापस नहीं लौटीं। पुलिस को आशंका है कि बेटी के रिश्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी, जिसमें किसी विवाद की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। काफी खोजबीन के बाद भी प्रभा का कोई सुराग नहीं लगने पर उनके पति अरुण दिनकर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी पत्नी को किसी ने बंधक बना लिया है या उनके साथ कोई अनहोनी हो गई है। सीसीटीवी में बिरला नगर तक पैदल जाती दिखीं पुलिस जांच में प्रभा न्यू साकेत नगर से पैदल बिरला नगर तक जाती हुई सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दी हैं। इसके बाद सिमको तिराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खराब होने के कारण आगे की फुटेज नहीं मिल सकी। आशंका है कि वहां से वह किसी वाहन में बैठकर गोला का मंदिर या पुरानी छावनी की ओर गई होंगी। फिलहाल पुलिस की जांच इसी बिंदु पर आकर अटक गई है। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया- न्यू साकेत नगर से 1 जुलाई से महिला एवं बाल विकास विभाग, भिंड की एक महिला पर्यवेक्षक लापता हैं। पति की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर महिला नजर आई हैं। जल्द ही उन्हें बरामद कर लिया जाएगा।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here