ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र स्थित हुरावली में बड़े भाई की तेरहवीं में शामिल होने गांव गए एक बीएसएफ जवान के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे, अंदर की कुंडी काटी और नकदी व सोने-चांदी के जेवर सहित करीब 5 लाख रुपए का सामान चोरी कर फरार हो गए। वारदात का खुलासा तब हुआ, जब पड़ोसियों ने घर का टूटा ताला देखकर जवान को सूचना दी। पीड़ित 55 वर्षीय नरेन्द्र सिंह बीएसएफ में पदस्थ हैं और मूल रूप से डबरा के ग्राम मेहगांव के निवासी हैं। वर्तमान में वह परिवार के साथ हुरावली में रहते हैं। उनके बड़े भाई प्रहलाद सिंह का 2 जुलाई को निधन हो गया था। तेरहवीं कार्यक्रम के लिए नरेन्द्र सिंह पहले ही गांव चले गए थे, जबकि 13 जुलाई की शाम उनका बेटा पंकज घर में ताला लगाकर गांव पहुंचा था। 15 जुलाई को पड़ोसियों ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर घर का सामान बिखरा मिला। पीड़ित के अनुसार चोर 1.80 लाख रुपए नकद, डेढ़ तोला सोने की चेन, सोने की अंगूठी, सोने का फूल, तीन जोड़ी चांदी की बिछिया और एक जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर ले गए। सूचना पर सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी गोविंद बंगोली ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
