Homeमध्यप्रदेशCM बोले-मनमोहन सिंह ने जनधन योजना पर उठाए थे सवाल:प्रतिभा सम्मान समारोह...

CM बोले-मनमोहन सिंह ने जनधन योजना पर उठाए थे सवाल:प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा- आज 80 करोड़ गरीबों को मिल रहा सीधा लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर बड़ा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गरीबों के लिए जीरो बैलेंस पर खाता खोलने की घोषणा की थी, तब बड़े अर्थशास्त्री कहे जाने वाले मनमोहन सिंह ने इसका मजाक उड़ाया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ‘चाय वाले’ (पीएम मोदी) ने जमीन की हकीकत को समझा और आज देश में 80 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोलकर गरीबों का हक सीधे उनके खातों में पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल के रवींद्र भवन में दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 591 मेधावी छात्रों के ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ को संबोधित कर रहे थे। तीसरे वर्ष में 591 बच्चों का हुआ सम्मान रवींद्र भवन में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन दक्षिण पश्चिम सीट से भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ ट्रिपलआईटी के डायरेक्टर डॉ. आशुतोष कुमार सिंह और मिनी मेहरा भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम की रूपरेखा रखते हुए विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि क्षेत्र के होनहारों को प्रोत्साहित करने का यह लगातार तीसरा साल है। पहले साल जहां 350 और दूसरे साल 480 बच्चों को सम्मानित किया गया था, वहीं इस तीसरे वर्ष में कुल 591 बच्चों का सम्मान किया जा रहा है, जिससे अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। मुख्यमंत्री बोले- प्रतिभाएं समाज को देती हैं नया परिचय समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक सबनानी के इस प्रयास को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पुरस्कार बांटने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारे युवाओं के उस परिश्रम का सम्मान है, जिसकी बदौलत वे समाज में अपनी नई पहचान बनाते हैं। भारतीय संस्कृति की महानता का जिक्र करते हुए सीएम ने एक विदेशी घटना का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि एक देश के राष्ट्राध्यक्ष ने शवयात्रा के सामने टिप्पणी कर दी थी कि यदि हम चाहते तो यहां मौजूद पूरी लीडरशिप को खत्म कर सकते थे। इस पर उनके अपने ही लोगों ने कहा कि यह आपकी सोच है, जबकि हमारी भारतीय सभ्यता में ऐसे संवेदनशील मौकों पर ऐसा बोलना तो दूर, सोचने की भी परंपरा नहीं है। मनमोहन सिंह और पीएम मोदी की नीतियों की तुलना मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में देश के विकास मॉडल को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पीएम नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण की तुलना की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के समय से ही देश में यह बड़ी लाचारी थी कि केंद्र से गरीबों के लिए भेजा गया 1 रुपया नीचे पहुंचते-पहुंचते सिस्टम के भ्रष्टाचार के कारण सिर्फ 15 पैसे रह जाता था। वित्त के बड़े जानकार और रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रहे मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल में कहा था कि एक जीरो बैलेंस खाता खोलने में बैंक को 37 रुपए का खर्च आता है। जब पीएम मोदी ने इस योजना की घोषणा की, तो मनमोहन सिंह ने इसका उपहास उड़ाया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिचौलियों के तंत्र को ध्वस्त करने के लिए इस चुनौती को स्वीकार किया। आज उसी का नतीजा है कि देश के 80 करोड़ से ज्यादा गरीबों के खाते खोले जा चुके हैं और उनका पूरा हक बिना किसी कटौती के सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खातों में पहुंच रहा है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here