इटारसी में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार रात करीब 8 बजे वार्ड क्रमांक 6 के बीजेपी पार्षद जिमी कैथवास पर हमला किया गया। यह वारदात पिंक सिटी के पीछे स्थित उनके खेत पर हुई, जब वे वहां अकेले थे। पार्षद के अनुसार, आरोपी अमन राजपूत अपने कुछ साथियों के साथ तीन गाड़ियों से आया था। अमन ने पहले कट्टे से फायर किया, लेकिन गोली मिस हो गई। इसके बाद आरोपी ने उनके बाएं पैर में चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल पार्षद को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके पैर में चार टांके आए हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस से पकड़वाने के शक में किया हमला जिमी कैथवास ने आरोप लगाया कि अमन राजपूत को पिछले दिनों अवैध शराब बेचने के मामले में पुलिस ने पकड़ा था। आरोपी को शक था कि पार्षद ने ही उसकी मुखबिरी की है, इसी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की खबर मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, कई पार्षद और थाना प्रभारी सौरभ सिंह पांडे अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
