भोपाल में सोमवार शाम ढलने के बाद दो घंटे में 1 इंच बारिश हुई। शाम 6:30 से 8:30 बजे के बीच शहर के अधिकांश इलाकों में तेज बौछारें पड़ीं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एयरपोर्ट ऑब्जर्वेटरी में 25 मिमी (करीब 1 इंच) और अरेरा हिल्स ऑब्जर्वेटरी में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान तापमान भी तेजी से गिरा। शाम 5:30 बजे 33 डिग्री रहा तापमान रात 8:30 बजे तक करीब 25 डिग्री पर पहुंच गया। भोपाल जिले में बारिश का वितरण एक समान नहीं रहा। नवीबाग में 40 मिमी और बैरसिया में 37.4 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि शहर के कुछ हिस्सों में इससे काफी कम वर्षा हुई। रात 1:30 बजे तक रिमझिम होती रही। आगे क्या: तेज बारिश के साथ चलेंगी हवाएं अगले दो से तीन दिन तेज बारिश के साथ भोपाल समेत कई जिलों में 40 से 57 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और शहरी क्षेत्रों में जलभराव जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं। पार्वती उफनी, बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग बंद लगातार बारिश से पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने पर बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग का अस्थायी वैकल्पिक रास्ता भी पानी में डूब गया। एसडीएम बैरसिया ने दोपहिया, चारपहिया, भारी वाहनों और पैदल आवागमन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। पुराना पुल पहले से बंद है। प्रशासन ने बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड लगाने और मौके पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। मॉकड्रिल: ड्रोन से पहुंचाई लाइफ जैकेट बाढ़ से निपटने की तैयारी परखने के लिए सोमवार को बड़ी झील के खानूगांव में सेना, होमगार्ड और स्थानीय प्रशासन ने मॉकड्रिल की। बाढ़ में फंसे लोगों तक ड्रोन से लाइफ जैकेट पहुंचाने और बोट से निकालने का अभ्यास किया गया।
