गंजबासौदा के त्योंदा में शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे एक मारुति वैन और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो बैंक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक को चपेट में लेने के बाद मारुति वैन भी सड़क किनारे पलट गई, जिससे उसमें सवार तीन शिक्षिकाओं को भी मामूली चोटें आई हैं। महिला समूह का लोन सर्वे करने जा रहे थे कर्मचारी घायल युवकों की पहचान त्योंदा निवासी श्रेयांश शर्मा (22) और करईया निवासी सरदार सिंह कुशवाह (36) के रूप में हुई है। दोनों युवक गंजबासौदा स्थित एक्सिस बैंक की फ्रीचार्ज कंपनी में फील्ड वर्कर हैं। घटना के समय दोनों कर्मचारी बासौदा से त्योंदा की ओर एक महिला समूह के लोन का सर्वे करने के लिए जा रहे थे, तभी रसूलपुर खेल स्टेडियम के सामने मुख्य मार्ग पसामने से आ रही वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। प्राइवेट स्कूल की वैन से हादसा बताया गया है कि टक्कर मारने वाली मारुति वैन त्योंदा के प्राइवेट ओलंपिक स्कूल की थी, जो स्कूल के शिक्षकों को लेकर बासौदा की ओर जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत त्योंदा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां से श्रेयांश शर्मा के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार देकर विदिशा और फिर भोपाल रेफर किया गया। ग्रामीणों ने सड़क किनारे पलटी वैन को सीधा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
