Homeमध्यप्रदेशग्वालियर में 9 हजार के लिए बुजुर्ग को गोली मारी:मां-बेटे को डंडों...

ग्वालियर में 9 हजार के लिए बुजुर्ग को गोली मारी:मां-बेटे को डंडों से पीटा, बदमाशों ने घर घेरकर एक घंटे चलाई लाठियां

ग्वालियर में 9 हजार रुपए के विवाद में चली गोलियां, बुजुर्ग समेत तीन घायल; दोनों पक्षों पर क्रॉस एफआईआर ग्वालियर जिले के बिजौली थाना क्षेत्र में महज 9 हजार रुपए के लेनदेन का विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। ग्राम खेरियामोदी में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष के दौरान कथित तौर पर फायरिंग और लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें एक बुजुर्ग को गोली लगने सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार देर रात ग्राम खेरियामोदी में हुई। आरोप है कि रुपए के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पहुंचकर हमला कर दिया। इस दौरान कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। जबकि दूसरे पक्ष ने भी आरोप लगाया है कि घायल पक्ष ने भी फायरिंग कर लाठियां चलाई हैं, जिसमें कई लोग घायल हैं। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ क्रॉस मामला दर्ज ​किया है। लंबे समय से अटका था 9 हजार का लेनदेन बिजौली थाना पुलिस के अनुसार ग्राम खेरियामोदी निवासी राजेश पाल के पास ही दीपक पाल रहता है। करीब एक साल पहले राजेश पाल के बड़े भाई साहब सिंह बघेल ने उसे 9 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर उधार दिए थे, लेकिन दीपक वह वापस नहीं कर रहा था। एक दिन पहले दीपक उनके घर के सामने से गुजर रहा था। तभी साहब सिंह ने उससे दिए रुपए वापस मांगे। इस पर उनमें विवाद शुरू हो गया। लाठी-डंडों से हमला और फिर दाग दीं गोलियां रात करीब 10 बजे इसी बात को लेकर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने बंदूक व लाठियों का जमकर प्रदर्शन किया। आरोपी दीपक, शिवराज, गौरव, सोनू और उनके 2-3 अन्य साथियों ने एक राय होकर हाथों में लाठी, डंडे और अवैध कट्टे लेकर राजेश पाल के घर को घेर लिया। आरोपियों ने घर में घुसकर गालियां दीं। बुजुर्ग मां-पिता को पीटा जब राजेश पाल और उसकी बुजुर्ग मां ने विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन्हें पीटना शुरू कर दिया, जिससे दोनों लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़े। बेटे और पत्नी को पिटता देख जब राजेश के वृद्ध पिता मोहर सिंह बीचबचाव करने दौड़े, तो आरोपियों ने उन पर कट्टे से फायरिंग कर दी। मोहर सिंह को एक के बाद एक दो गोलियां लगीं और वे वहीं गिरकर बेसुध हो गए। दूसरे पक्ष का आरोप, बेरहमी से किया हमला इधर दूसरी तरफ से दीपक बघेल ने आरोप लगाया है कि मोहर सिंह बघेल, राजेश पाल, साहब सिंह, आनंद व राहुल ने डंडे-लाठियां उठाकर पूरे परिवार को बेरहमी से पीटा है। यह सभी बंदूक भी लिए हुए थे। दूसरे पक्ष के हमले में भी दीपक पाल समेत दो से तीन लोग घायल हैं। जिनको जेएएच में भर्ती कराया गया है। गांव में मची अफरा-तफरी, घरों में दुबके आरोपी इस ताबड़तोड़ फायरिंग और चीख-पुकार सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों को इकट्ठा होता देख और मोहर सिंह को तड़पता देख सभी आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से भाग निकले। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 और बिजौली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तीनों गंभीर घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया, जहां बुजुर्ग मोहर सिंह की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। बिजौली थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया खेरियामोदी गांव में दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग हुई है। एक बुजुर्ग को गोली लगी है और दो लोग लाठी की चोट से घायल हैं। दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें रवाना की गई हैं, जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here