आलीराजपुर जिले में मानसून की बेरुखी के चलते पर्याप्त बारिश नहीं हुई है। इसी बीच, अच्छी वर्षा की कामना को लेकर लोक आस्था का अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला। असाडा राजपूत समाज की महिलाओं ने नगर में एक श्रद्धा यात्रा निकाली। महिलाएं अपने सिर पर ढेढ़र माता को विराजित कर पारंपरिक लोकगीत ‘पानी दे… पानी’ गाते हुए घर-घर पहुंचीं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ढेढ़र माता पर जल अर्पित किया और भगवान से क्षेत्र में अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। यह श्रद्धा यात्रा सदियों पुरानी लोक परंपरा और प्रकृति के प्रति लोगों की अटूट आस्था को दर्शाती है। इसी क्रम में, जिले में अच्छी बारिश और किसानों की समृद्धि की कामना को लेकर कलेक्टर नीतू माथुर ने भी सोरवा स्थित महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि जिले में बारिश में हो रही देरी जल्द समाप्त हो, जिससे किसानों को समय पर फसल की बुआई करने का अवसर मिल सके और कृषि कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।
