11 साल पहले सात फेरे लेकर नई जिंदगी शुरू की। दो बच्चों की मां बनी, लेकिन वक्त के साथ रिश्ते बदलते चले गए। पति से अलग होकर उसी के दोस्त से शादी कर ली। वहां भी रिश्ता नहीं टिक पाया तो दूसरे पति के रिश्तेदार के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी। तीन रिश्तों में उलझे इस सफर का अंत आखिरकार एक बंद कमरे में गला दबाकर हुई हत्या के साथ हुआ। यह फिल्मी कहानी ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र के आरा मिल में रहने वाली 30 साल की आरती की है, जिसकी 1 जुलाई 2026 को गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने जांच के दौरान मामले में कई खुलासे किए हैं। पति के दोस्त से प्रेम, साथ रहने लगी कैलारस के गांव गूढ़ बहरारा के रहने वाले दर्शनलाल धाकड़ ने कहा- मेरी बेटी आरती की शादी 21 अप्रैल 2015 को शिवपुरी के गांव बिचपुरी निवासी अतर सिंह के साथ हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। परिवार सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन इसी दौरान अतर सिंह की दोस्ती धर्मेंद्र से हुई। घर आना-जाना बढ़ा तो धर्मेंद्र और आरती के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। इसी बात को लेकर अतर सिंह और धर्मेंद्र के बीच विवाद हुआ। मारपीट भी हो गई। करीब तीन साल पहले आरती ने अतर सिंह का साथ छोड़कर धर्मेंद्र के साथ रहना शुरू कर दिया। उसने अपने दस्तावेजों में भी पति के स्थान पर धर्मेंद्र का नाम दर्ज करा लिया। बॉयफ्रेंड के फुफेरे भाई के साथ लिव इन रिलेशनशिप कुछ समय बाद आरती और धर्मेंद्र के संबंधों में भी तनाव बढ़ने लगा। इसी दौरान धर्मेंद्र के फुफेरे भाई संजू से उसकी पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। करीब दो महीने पहले आरती अपने दोनों बच्चों के साथ संजू के पास आरा मिल क्षेत्र में किराए के मकान में रहने लगी। आरती और संजू दोनों ई-रिक्शा चलाकर अपना और बच्चों का खर्च चलाते थे। परिजन के अनुसार, आरती अपने बच्चों की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए लगातार मेहनत कर रही थी। हत्या से पहले भाई को किया था आखिरी फोन दर्शनलाल धाकड़ ने कहा- एक जुलाई को आरती ई-रिक्शा चलाकर लौटी थी। वाहन मालिक को किराया देने के बाद संजू भी घर पहुंच गया। इसी बीच धर्मेंद्र भी वहां आ गया। तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। फिर उनके बीच रिश्तों को लेकर विवाद होने लगा। इससे पहले रेलवे स्टेशन पर भी तीनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी बीच आरती ने भाई को फोन कर बताया कि धर्मेंद्र लगातार धमकी दे रहा है कि यदि वह उसके साथ नहीं रही तो वह संजू और उसे जान से मार देगा। परिजन का आरोप- दोनों ने मिलकर किया मर्डर परिजन का आरोप है कि धर्मेंद्र और संजू ने मिलकर आरती की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फिलहाल, संजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है जबकि धर्मेंद्र फरार है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने से आरती की मौत होने की पुष्टि हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरती के तीनों रिश्तों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। सीसीटीवी में दिखा धर्मेंद्र, पुलिस ने तेज की तलाश पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले हैं। इनमें धर्मेंद्र घटनास्थल से निकलता दिखाई दिया है। पुलिस उसके मूवमेंट को ट्रैक कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। ये खबर भी पढ़ें… पत्नी की जिद, कहा-मेरा बॉयफ्रेंड भी इसी घर में रहेगा ग्वालियर में एक युवक ने अपनी पत्नी से जान का खतरा बताते हुए एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि पत्नी अपने बॉयफ्रेंड को भी उसी घर में रखने की जिद पर अड़ी थी। विरोध करने पर उसने मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट आई। पत्नी घर छोड़ते समय उसे जान से मारने की धमकी देकर गई और बच्चों को भी अपने साथ ले गई। पढे़ं पूरी खबर…
