प्रसिद्ध उद्योगपति अनंत अंबानी गुरुवार शाम को खजुराहो पहुंचे। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह सीधे धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम पहुंचे। धाम में बागेश्वर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मुद्गर, बलजीबी रुद्राक्ष की माला और अंग वस्त्र पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान एक दिलचस्प नजारा तब देखने को मिला जब फोटो खिंचवाने के दौरान अनंत अंबानी ने आदरपूर्वक पंडित धीरेंद्र शास्त्री का हाथ पकड़कर उन्हें अपने पास खींच लिया। इस दौरान उन्होंने पं. धीरेन्द्र शास्त्री कहा- “आप बोले आना हैं, तो में आ गया।” बालाजी, सन्यासी बाबा और प्रेतराज सरकार के दर्शन किए पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अनंत अंबानी को बागेश्वर बालाजी भगवान, सन्यासी बाबा एवं प्रेतराज सरकार के पावन और दिव्य दर्शन कराए। इसके साथ ही उन्होंने अंबानी को धाम और सन्यासी बाबा की महिमा से भी अवगत कराया। दर्शन के बाद दोनों ने मिलकर श्री बागेश्वर बालाजी भगवान की महाआरती की और देश, धर्म तथा जनकल्याण की मंगलकामना की। यज्ञशाला में दी आहुतियां, 11 कन्याओं का किया पूजन आरती के बाद पंडित धीरेंद्र शास्त्री और अनंत अंबानी धाम में स्थित यज्ञशाला पहुंचे। वहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चल रहे यज्ञ में पवित्र आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद अनंत अंबानी ने धाम में 11 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें दक्षिणा भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही काशी से पधारे विद्वान ब्राह्मणों का सम्मान कर उनसे भी शुभाशीष प्राप्त किया। सांसद VD शर्मा ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत इससे पहले, खजुराहो एयरपोर्ट पर अनंत अंबानी के आगमन के दौरान बागेश्वर धाम सेवा समिति के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी अगवानी की थी। इस दौरान खजुराहो सांसद और पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा तथा क्षेत्रीय विधायकों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किए थे। धाम की अन्नपूर्णा रसोई से है गहरा जुड़ाव उल्लेखनीय है कि अनंत अंबानी, बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र शास्त्री के काफी करीबी माने जाते हैं। इसके पूर्व भी दोनों की मुलाकातों की तस्वीरें सामने आ चुकी हैं। वे बागेश्वर धाम में चौबीसों घंटे संचालित होने वाली ‘अन्नपूर्णा रसोई’ (भंडारा) में भी अक्सर अपना विशेष सहयोग प्रदान करते रहते हैं।
