बरगी क्रूज हादसे की जांच कर रहे आयोग ने पर्यटन विभाग को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटनाग्रस्त क्रूज के दोनों इंजन और जनरेटर को मौके से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। आयोग का मानना है कि बारिश के दौरान बरगी बांध का जलस्तर बढ़ने से ये महत्वपूर्ण साक्ष्य क्षतिग्रस्त हो सकते हैं, जिससे जांच प्रभावित होने की आशंका है। जस्टिस संजय द्विवेदी की अध्यक्षता वाले जांच आयोग ने कहा है कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर इंजन और जनरेटर की तकनीकी जांच कराई जा सकती है। इसके लिए इन उपकरणों को सुरक्षित रखना जरूरी है। आयोग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि क्रूज के अन्य अवशेषों को भी सुरक्षित स्थान पर रखा जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जिम्मेदारी संबंधित तहसीलदार को सौंपी गई है। इंजन-जनरेटर से छेड़छाड़ से इनकार नहीं कर सकते आयोग के इस निर्देश पर कुछ लोगों ने आपत्ति भी जताई है। उनका कहना है कि हादसे को दो महीने से अधिक समय बीत चुका है और इस दौरान इंजन तथा जनरेटर के साथ छेड़छाड़ होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में अब इन्हें सुरक्षित रखने का निर्णय काफी देर से लिया गया है। इससे पहले नागरिक उपभोक्ता मंच ने भी आयोग के समक्ष आपत्ति दर्ज कराते हुए आशंका व्यक्त की थी कि बरगी बांध का जलस्तर बढ़ने पर दुर्घटनास्थल पर मौजूद महत्वपूर्ण साक्ष्य पानी में डूब सकते हैं। इससे हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में कठिनाई हो सकती है। 13 लोगों की डूबने से हुई थी मौत उल्लेखनीय है कि बरगी क्रूज हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए जस्टिस संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में जांच आयोग का गठन किया था। आयोग हादसे के कारणों की जांच कर रहा है और जल्द ही विशेषज्ञों की मदद से क्रूज की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी। ये खबर भी पढ़ें… डूबते क्रूज में लाइफ जैकेट ढूंढते रहे यात्री जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद भी यात्रियों को बिना लाइफ जैकेट चढ़ाया गया। हादसे में बचे रोशन आनंद ने बताया कि क्रूज पर सवार होने के दौरान किसी यात्री को लाइफ जैकेट नहीं दी गई। पढ़ें पूरी खबर… जबलपुर क्रूज हादसे का एक और VIDEO जबलपुर में 30 अप्रैल को हुए बरगी क्रूज हादसे का एक और वीडियो बुधवार को सामने आया। इसमें क्रूज से गिरने के बाद लोग पानी में जान बचाने के लिए तैरते दिखे। महिलाएं और बच्चे भी जद्दोजहद करते नजर आए। पढ़ें पूरी खबर…
